


घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान नगर व ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
किक बाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
घुमारवीं (बिलासपुर): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार तहसील और उप-तहसील स्तर पर विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन कर प्रदेश भर में दिसंबर, 2025 तक लगभग 4.62 लाख राजस्व मामलों का निपटारा किया है। राजेश धर्माणी ने आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल से प्रदेश के भूमि मालिकों को बड़ी राहत मिली है तथा वर्षों से लंबित मामलों का समय पर समाधान सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि इन विशेष राजस्व लोक अदालतों के माध्यम से प्रदेश स्तर पर अक्तूबर, 2023 से दिसंबर, 2025 तक लगभग 3.85 लाख इंतकाल, 24 हजार तकसीम, 42 हजार निशानदेही तथा लगभग 12 हजार राजस्व त्रुटियों के मामलों का निपटारा किया जा चुका है। इसी तरह जिला बिलासपुर में भी इसी अवधि के दौरान 18 हजार 684 इंतकाल, 1 हजार 235 तकसीम, 2 हजार 190 निशानदेही तथा 478 राजस्व दुरुस्ती मामलों का निपटारा किया गया है। उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत प्रत्येक माह के आखिरी दो दिन तहसील और उप-तहसील स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जिससे लोगों को राजस्व संबंधी मामलों के निपटारे में सुविधा मिल रही है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। जनसमस्याओं का घर-द्वार निपटारा सुनिश्चित बनाने को प्रदेश सरकार द्वारा ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके माध्यम से प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में न केवल जन समस्याओं को सुना जाता है बल्कि समयबद्ध निपटारे को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस मौके पर उन्होंने जन समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर निपटारा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये।
किक बाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर को स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
इस मौके पर किकबाॅक्सिंग के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अखिल ठाकुर ने तकनीकी शिक्षा मंत्री से भेंट की। राजेश धर्माणी ने किक बॉक्सिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने के लिए जिला के देलग गांव निवासी अखिल ठाकुर को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उम्मीद जताई की वह भविष्य में भी इसी तरह प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।
अखिल ठाकुर ने 5वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल किक बॉक्सिंग कप में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए 94 किलोग्राम भार वर्ग की किक लाइट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। अखिल ठाकुर की यह पहली उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी वह एशिया में स्वर्ण पदक, वर्ल्ड कप में रजत पदक तथा अब तक 8 अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम कर चुके हैं। इसके साथ-साथ अखिल ने सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में लगातार चार बार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी निरंतरता और मेहनत का लोहा भी मनवाया है।

शिवा प्रोजेक्ट के तहत रोपित किए है मौसंबी सहित अन्य किस्मों के 14672 पौधे, सिंचाई के लिए करवाया है 8 माॅडयूलर टैंको का निर्माण
उपनिदेशक बागवानी ने क्लस्टर को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार से दूर रहने का किया आहवान
बिलासपुर: उपनिदेशक बागवानी डाॅ. जगदीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला बिलासपुर के विकास खंड सदर के अंतर्गत ग्राम कोठी मझेड़ में उद्यान विभाग द्वारा एशियन डेवलपमेंट बैंक वित्तपोषित एच.पी. शिवा परियोजना के तहत वर्ष 2020 में स्थापित स्वीट ऑरेंज क्लस्टर के संबंध में सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रामक, असत्य एवं अप्रमाणिक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भ्रामक प्रचार करने वाले तत्व क्लस्टर के किसान नहीं हैं तथा लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जिला के सभी किसानों एवं बागवानों से आह्वान किया है कि वह इस प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें।
उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग द्वारा कोठी मझेड़ में स्थापित क्लस्टर में मौसंबी, ब्लड रेड, पेरा, बेस्टिन एवं वेलेंसिया सहित स्वीट ऑरेंज की विभिन्न किस्मों के लगभग 14672 पौधे रोपित किए गए है। परियोजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार बागवानों को आवश्यक खाद एवं दवाइयां इत्यादि उपलब्ध करवाई गई है। पौधों की सिंचाई सुविधा के लिए वर्षों से बंद पड़ी कूहल का जल शक्ति विभाग द्वारा जीर्णोद्धार करवाकर एक लाख लीटर क्षमता का मुख्य डिलीवरी टैंक तथा 20 हजार लीटर क्षमता के 8 मॉड्यूलर टैंकों का निर्माण किया गया तथा टपक सिंचाई प्रणाली स्थापित की गई है।
डाॅ. जगदीश वर्मा ने बताया कि राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा क्लस्टर के दौरे के दौरान गंभरोला खड्ड में नई सिंचाई योजना की घोषणा के अनुसार स्कीम बनकर तैयार हो रही है तथा केवल पम्प हाउस निर्माण का कार्य ही शेष बचा है। जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्लस्टर स्थापना से पूर्व जंगली जानवरों के आतंक के कारण क्षेत्र की भूमि बंजर पड़ी थी। बाद में कुछ किसानों द्वारा कूहल के पानी का उपयोग अन्य फसलों, विशेषकर लहसुन की खेती में करने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई है। किसी व्यक्ति द्वारा क्लस्टर के कारण आत्महत्या किए जाने की बात पूर्णतः असत्य है। संबंधित घटना दो वर्ष पूर्व की है जब क्लस्ट में फल लगना शुरु हुए थे तथा व्यक्ति की आत्महत्या का अन्य घरेलू कारण था, जिसकी पुष्टि मृतक व्यक्ति की पत्नी से की जा सकती है।
उन्होंने स्वीट ऑरेंज की किस्म को लेकर बताया कि कोठी मझेड़ क्लस्टर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर करोट क्लस्टर में भी यही किस्में बागवानों को उपलब्ध करवाई गई है तथा इस वर्ष लगभग 40 मीट्रिक टन स्वीट ऑरेंज फल पंचकूला सहित विभिन्न मंडियों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि यह फल खुदरा बाजार में 26 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिका तथा परिवहन व्यय व्यापारी द्वारा वहन किया गया है। उन्होंने बताया कि व्यापारी ने आश्वासन दिया है कि आगामी वर्ष घुमारवीं में ही फल संग्रहण केंद्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने सभी किसानों व बागवानों से अपील की है कि वह भ्रामक एवं तथ्यहीन अफवाहों से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए विभाग से ही संपर्क करें।

बिलासपुर: अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 15 फरवरी को प्रातः 11 बजे उपायुक्त कार्यालय, बिलासपुर के बचत भवन में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे।
उन्होंने सभी गैर-सरकारी सदस्यों से अनुरोध किया कि वह बैठक में चर्चा के लिए अपने-अपने मदों का मसौदा 12 फरवरी को सांय 4 बजे तक उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें बैठक के ऐजेन्डा में सम्मिलित किया जा सके। साथ ही, प्रत्येक सदस्य से अधिकतम दो मद ही भेजने का आग्रह किया गया है।
समिति के सभी सदस्यों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर बैठक में भाग लेने का अनुरोध किया गया है, ताकि जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक चर्चा एवं निर्णय लिए जा सके।

बिलासपुर : क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बिलासपुर राजेश कुमार कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप (आरजीजीएसवाई) योजना-2025 (स्टेज-।।।) के अंतर्गत 18 से 42 सीटर बसों की खरीद का प्रावधान किया गया है। जिसके तहत पात्रों को 30 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से अब आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 19 फरवरी, 2026 कर दिया गया है। इससे पहले यह आवेदन की तिथि 9 फरवरी निर्धारित की गई थी।

डीसी ने तैयारियों को लेकर ली अधिकारियों की बैठक
ऊना: प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे व्यापक जन-जागरूकता अभियान के तहत 21 फरवरी को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन किया जाएगा। वॉकाथॉन के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने बताया कि 21 फरवरी को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस वॉकाथॉन में स्वयं शामिल होंगे। वे इंदिरा स्टेडियम ऊना से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी वॉकाथॉन में सहभागिता करेंगे। यह वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम से प्रारंभ होकर ऊना बाजार क्षेत्र का चक्कर लगाते हुए पुनः इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प नशामुक्त हिमाचल के निर्माण का है और इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेश सरकार चिट्टे के खिलाफ सख्त, सतत और व्यापक अभियान चला रही है। ऊना में आयोजित की जा रही यह एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन उसी अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें जनभागीदारी को सबसे सशक्त माध्यम के रूप में जोड़ा गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवाओं एवं उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस वॉकाथॉन को प्रभावी जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, कॉलेजों, नशा निवारण समितियों, सामाजिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की गई है। लगभग 35 हजार विद्यार्थी एवं नागरिक इस वॉकाथॉन में भाग लेंगे, जिनमें विशेष रूप से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके आवागमन के लिए लगभग 500 बसों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि वॉकाथॉन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना विकसित करना है। इसके लिए प्रत्येक शिक्षण संस्थान के लिए प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी तथा संबंधित विद्यालय की ओर से अध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखा जा सके।
उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को आयोजन स्थल पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार के लिए हेल्थ बूथ स्थापित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त यातायात प्रबंधन एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर को ओवरऑल नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, स्कूल स्तर से विद्यार्थियों के आवागमन एवं बसों के प्रबंधन के लिए जिला पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। आयोजन स्थल से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए पीओ डीआरडीए रमनबीर चौहान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि इंदिरा स्टेडियम में सुबह से ही पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइनस’ के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता का सशक्त संदेश देंगे। मुख्यमंत्री के आगमन तक यह सांस्कृतिक कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा, जिससे युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा और जागरूकता का संचार हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमथ, कमांडेंट प्रथम आईआरबीएन बनगढ़ आकृति, कमांडेंट गृह रक्षक हितेश लखनपाल, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम सहित जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ट्रैफिक उमराली-लालूवाल-हीरां थड़ा-ढिलवां सड़क मार्ग पर डायवर्ट
ऊना: उपमंडल हरोली के तहत उमराली-छेत्रां-ढिलवां सड़क मार्ग पर (किलोमीटर 0/000 से 2/400) यातायात 13 फरवरी से 14 मार्च(30 दिनांे) तक बंद रहेगा। इस दौरान यातायात के सुचारू संचालन के लिए टैªफिक को उमराली-लालूवाल-हीरां थड़ा-ढिलवां सड़क मार्ग पर मोड़ा गया है।
जिला दंडाधिकारी ऊना जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 116 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह आदेश संबंधित सड़क मार्ग पर सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट निर्माण कार्यों को सुचारू और त्वरित करने को लेकर जारी किए हैं।
उपायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को सड़क बंद करने को लेकर जनता को सूचित करने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए अग्रिम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस द्वारा दयोथ क्षेत्र के दो युवकों से सदर पुलिस ने कीरतपुर नेरचौक फोरलेन पर मोटर साईकिल सवार दो युवाओं से 3.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया। थाना सदर टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटर साईकिल पर सवार दो युवाओं से 3.15 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार गत सायं थाना सदर पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पट्टा के पास नाका लगाया था तथा आवागमन करने वाले वाहनों का निरीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान एक मोटर साईकिल नंबर एच.पी.17डी-0692 आई।मोटरसाईकिल पर दो युवक सवार थ। पुलिस ने संबंधित मोटर साईकिल को निरीक्षण के लिए रोका। तलाशी के दौरान यह चिट्टा बरामद किया। आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार (25) निवासी तरामडी डाकघर दयोथ तहसील सदर जिला बिलासपुर व विकास कुमार ठाकुर (25) निवासी मझेड डाकघर दयोथ तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया तथा आरोपियों को हिरासत में ले लिया। एस.पी. बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि थाना सदर पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है।

शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा से पूछा है कि उन्होंने जयराम ठाकुर के शासनकाल में कर्मचारियों की 12 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां क्यों अदा नही की थी। कर्मचारियों के साथ यह कुठाराघात क्यों किया गया था। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में बिलासपुर में आयोजित अतंर्राष्ट्रीय इन्वेस्टर्स समिट, जिसमें देश के प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि थे,प्रदेश में बड़ी आद्योगिक इकाइयों को स्थापित करने की जो घोषणाएं की थी वह आज कहां है। इसमें देश विदेश के बड़े बड़े उद्योगपति आये थे और जिस के आयोजन पर करोड़ो खर्च किये गए थे,प्रदेश के सरकारी खजाने पर डाला गया करोड़ो रूपये का बोझ, जिसका डॉम ही 50 लाख से अधिक का बनाया गया था, उससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को कितनी गति मिली थी। उन्होंने कहा कि जितनी फिजूलखर्ची भाजपा के समय मे प्रदेश में हुई,उसके सारे रिकॉर्ड टूटे है।
विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के आज दिए उनके बयान पर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को कर्ज में डूबोने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। आर्थिक कुप्रबंधन के चलते प्रदेश आज भारी कर्ज में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सरकारी मशीनरी व सत्ता का किस प्रकार से दुरुपयोग किया था,उसे प्रदेश के लोग भूले नहीं है। जिस पार्टी के नेताओं ने करोना की आपदा में अवसर का लाभ लेते हुए ठगी ठोरी की हो और इसके चलते लोगों के भारी दबाव से अपना पद तक गवांना पड़ा हो,ऐसे नेताओं को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगाना शोभा नही देता। उन्होंने कहा है कि प्रदेश अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है और इसमें उसे प्रदेश के लोगों का पूरा समर्थन मिल रहा है।

