शिमला: राजधानी शिमला में नगर निगम सदन में महापौर सुरेंद्र चौहान ने जैसे ही बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। भाजपा पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। नगर निगम शिमला के बजट सत्र में भाजपा पार्षदों ने मेयर के अधिकारों पर सवाल उठाते हुए बजट प्रक्रिया को ही अवैध करार दिया। उनका कहना है कि मेयर का ढाई वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है और कार्यकाल बढ़ाने से संबंधित एक्ट अभी कानून का रूप नहीं ले पाया है। भाजपा पार्षदों ने आरोप लगाया कि इस प्रस्ताव को अभी तक राज्यपाल की स्वीकृति नहीं मिली है और मामला न्यायालय में भी लंबित है। ऐसे में मौजूदा मेयर द्वारा बजट पेश करना नियमों के खिलाफ है। पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब कार्यकाल समाप्त हो चुका है तो मेयर किस अधिकार से नगर निगम का वार्षिक बजट प्रस्तुत कर रहे हैं। भाजपा पार्षदों ने वर्ष 2026-27 के बजट का विरोध करते हुए सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। बजट पेश होने से ठीक पहले सदन में तीखी नोकझोंक और विरोध के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया।

शिमला: राजधानी शिमला में नगर निगम सदन में पहली बार बिना विपक्ष के ही वार्षिक बजट पेश किया गया। महापौर सुरेंद्र चौहान ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 688 करोड़ रुपये का सरप्लस बजट पेश किया। जबकि बीते साल यह 188 करोड़ रुपये था। सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों में महिलाओं को सेनेटरी नैपकिन मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए रिज और मॉल रोड पर फीडिंग रूम बनाए जाएंगे। उन्होंने शिमला शहर में 26 चिन्हित जगहों पर फूड वैन देने की भी घोषणा की, ताकि बेरोजगार महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार मिल सके
शिमला शहर में 6 साइकलिंग ट्रैक बनाये जाएंगे। शहर में सुरक्षा की दृष्टि से लगेंगे सीसीटीवी कैमरा, 50 लाख होंगे खर्च। नगर निगम कर्मचारियों के लिए बालूगंज में 34 करोड़ से 72 आवास।आय बढ़ाने के लिए शहर में आवासीय फ्लैट बना कर बेचेगा नगर निगम। तारादेवी के पास वर्ड क्लास वेलनेस सेंटर बनाने की घोषणा।सचिवालय से चौड़ा मैदान तक भूमिगत डक्ट बनाए जा रहे जिसमें फायबर ओर पाइप बिछाने के लिए पैसे लेगा नगर निगम।सभी वार्ड में 1000 सोलर लाइट। शिमला के कोर एरिया में प्रदूषण और शोर को कम करने के लिए बैटरी से चलने वाले ई-कार्ट चलाए जाएंगे। इसके अलावा, हर वार्ड में पार्किंग बनाने और भरयाल में एक सोलर पैनल प्लांट लगाने की भी घोषणा की गई, जिससे निगम को सालाना 2 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। निगम के सफाई कर्मचारियों का बीमा भी करवाया जाएगा। हर वार्ड में पार्किंग निर्माण की भी घोषणा की।

भव्य जलेब में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष, श्री राज माधो राय मंदिर में की पूजा-अर्चना
शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होना अविस्मरणीय अनुभव, लोक संस्कृति के संवर्द्धन में युवा पीढ़ी का उत्साह प्रशंसनीय- कुलदीप सिंह पठानिया
मण्डी: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी-2026 के अवसर पर राज देवता श्री माधोराय जी की अगवानी में निकाली गई मध्य जलेब में शामिल हुए। उन्होंने श्री राज माधो राय मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मध्य जलेब के दौरान शहर का वातावरण श्रद्धा, आस्था और उल्लास से परिपूर्ण रहा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि, देव परंपराओं की झलक और सैंकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
मेला मैदान पड्डल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। चाहे मंडी की शिवरात्रि हो, कुल्लू का दशहरा, चंबा का मिंजर या रामपुर की लवी, हमारा प्रदेश देवी-देवताओं की आस्था से ओत-प्रोत है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में उन्हें पहली बार आने का अवसर मिला है और यह अनुभव अविस्मरणीय है। विशेषतौर पर सदियों से चली आ रही लोक पंरपराओं का संरक्षण एवं संवर्द्धन यहां पीढ़ी दर पीढ़ी किया जाता रहा है और आज भी लोक देवताओं के साथ युवाओं की भारी संख्या में उपस्थिति इसे सार्थक सिद्ध कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति एवं लोक आस्था यूं ही अनवरत आगे बढ़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश अपनी संस्कृति के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में से एक है और यहां के गांव अन्य राज्यों की तुलना में अधिक विकसित हैं। इसके पीछे प्रदेश के सशक्त नेतृत्व और जनता की सजगता का विशेष योगदान है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश वर्तमान में गंभीर आर्थिक परिस्थितियों से गुजर रहा है, फिर भी हिमाचल के गांवों का विकास स्तर अत्यंत सराहनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और केरल जैसे अग्रणी राज्य की बराबरी की है। यदि गांवों की इस सशक्त तस्वीर को कमजोर करने का कोई प्रयास करेगा तो प्रदेश की जागरूक जनता इसकी अनुमति नहीं देगी, क्योंकि आज की पीढ़ी अपने अधिकारों, संस्कृति और धरोहर के प्रति सजग है। उन्होंने देवी-देवताओं से सभी पर आशीर्वाद बनाए रखने की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने मंडी नगर की स्थापना के 500वें प्रवेश वर्ष के उपलक्ष्य में मेला आयोजन समिति के सहयोग से भारतीय डाक विभाग द्वारा तैयार विशेष कवर का अनावरण भी किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मंडी व चंबा का ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। आधुनिक मंडी नगर जहां स्थापना के पांच सौवें वर्ष में प्रवेश कर गया है, वहीं चंबा शहर लगभग 1100 वर्षों से अपनी विरासत को संजोए है।
कार्यक्रम के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष ने मेला मैदान में लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का यह सशक्त माध्यम है।

सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज सोलन के कायलर में सोलन-दयोठी-सुबाथू मार्ग की स्थिति का जायज़ा लिया और लोगों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मौसम एवं अन्य कारणों से इस मार्ग की स्थित खराब है। इसके मुरम्मत कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा नाबार्ड के तहत 23.89 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही स्वीकृति मिलने के उपरांत सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य आरम्भ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024-25 में सोलन से कायलर तक लगभग 02 किलोमीटर तक 1.57 करोड़ रुपए से इस मार्ग पर सुरक्षा दीवार, टायरिंग व मैटलिंग का कार्य किया गया था, जो अधिक वर्षा के कारण क्षतिग्र्रस्त हो गया।
डॉ. शांडिल ने कहा कि सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र का बेहतर विकास करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुनिश्चित बना रही है कि सड़क के साथ-साथ पानी निकासी का उचित प्रबंधन किया जाए ताकि वर्षा के समय सड़कें क्षतिग्रस्त न हों।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सोलन ज़िला में गत तीन वर्षों में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण पर लगभग 223 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में 12 नए पुल निर्मित किए गए और 11 पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर लगभग 38.14 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि गत वर्षों में ज़िला में 69.71 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि ज़िला में वर्तमान में सड़कों की कुल लम्बाई 3349 किलोमीटर है।
इस अवसर पर जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस पार्टी के कर्नल संजय शांडिल, संजीव ठाकुर, सक्षम व शोभित बैहल, नगर निगम सोलन के मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर, ग्राम पंचायत डांगरी की पूर्व प्रधान निशा ठाकुर, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रवि कपूर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित थे।

सोलन: ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 24 फरवरी, 2026 को प्रातः 10.30 बजे 34 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी।
जगदीश कुमार ने कहा कि मैसर्ज़ जे.पी. मोर्टस सोलन द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव कार, सेल्स एग्जीक्यूटिव कमर्शियल कार, सेल्स ट्रेनर, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर के 10 पद, मैसर्ज़ कॉस्मो फेराइट्स जाबली में फीडर, वेल्डर, बी.टेक. मैकेनिकल के 12 पद व मैसर्ज़ शिवालिक बायमेटल कंट्रोल्स लिमिटिड सोलन में हेल्पर, फीटर, ट्रेनी, शिफ्ट इंजीनियर के 12 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, फीटर, वेल्डर, बी.टेक. मकैनिकल या इलेक्ट्रिकल, एम.बी.ए. व आयु 20 से 38 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. में प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी रेजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
जगदीश कुमार ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्र व दस्तावेजों सहित ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 24 फरवरी, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई भी यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार ज़िला रोज़गार कार्यालय में सम्पर्क कर सकते है।
हिमाचल: प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 20 फरवरी, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अधिशाषी अभियंता सोलन विपुल कश्यप ने दी।
विपुल कश्यप ने कहा कि 20 फरवरी, 2026 को प्रातः 10.30 बजे से सांय 05.00 बजे सरीता विहार, चामुंडा कॉलोनी एवं डी.ए.वी. स्कूल कथेड़ सोलन के आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

हमीरपुर : नई दिल्ली की प्रसिद्ध सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड महिला और पुरुष सिक्योरिटी गार्ड के 60 पदों को भरने के लिए 20 फरवरी को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लेगी।
इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। सिक्योरिटी गार्ड का अनुभव रखने वाले 40 वर्ष तक के उम्मीदवार भी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई पांच फुट सात इंच और महिलाओं के लिए पांच फुट रखी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को आठ घंटे की डयूटी पर 13,170 रुपये और बारह घंटे की डयूटी पर 19,755 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। उन्हें ईपीएफ, दुर्घटना बीमा, स्वयं एवं परिवार के लिए ईएसआई स्वास्थ्य बीमा, दस साल की निरंतर सेवा पर पेंशन सुविधा, मुफ्त वर्दी, कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कंपनी के मोबाइल नंबरों 98573-88030 और 95999-56620 या जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

कुल्लू: सहायक अभियंता ई. अमन कुमार हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड , विद्युत उप-मण्डल भुंतर द्वारा सूचित किया गया है कि आवश्यक रखरखाव और तकनीकी सुधार कार्यों के कारण आगामी 20 से 24 फरवरी 2026 के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
20 और 21 फरवरी को 11 के.वी. दियार फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र बगीचा, दियार, कहुधार, त्रैहन, भाटग्रां, बाहमीनाला जरड़, कलहैली, लॉअर कलहैली, कमांद, लॉअर बजौरा, लॉअर हाट और आसपास के इलाकों विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
22 फरवरी को भून्तर बाजार, एयरपोर्ट, खोखन चौक, तहसील, सैनिक चौक, पारला भून्तर, हाथिथान, गड़सा रोड, जिया, छिरौढ नाला, नरोगी, शाट, बड़ा भुईन, छन्नीकोड, जलूग्रां, औद्योगिक क्षेत्र शमशी, जिया, मौहल चौक, अंगोरा फार्म ईण्डियन ऑयल, सब्जी मण्डी, संध्या पेलेस, नाग मंदिर का सारा ईलाका में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
24 फरवरी को कलहैली फीडर के तहत शाढ़ाबाई, कलैहली, बजौरा, रेरी, बजौरा हाट, मशगां, लोअर बजौरा शाड़ीनाला आदि में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
विद्युत विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथियों पर मौसम खराब रहता है या बारिश होती है, तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।