ब्लॉग

बैजनाथ के तहत आंगनवाड़ी-सह-क्रेच केंद्रों में क्रेच कार्यकर्ता एवं क्रेच सहायिका के पदों हेतु आवेदन आमंत्रित

बैजनाथ: बाल विकास परियोजना अधिकारी बैजनाथ रणजीत सिंह ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि मिशन शक्ति—पालना एवं क्रेच योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना बैजनाथ के लिए आगामी वित्तीय वर्ष में दो आंगनवाड़ी-सह-क्रेच केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एक केंद्र नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला के उत्सेहड़ वार्ड नंबर-6 तथा दूसरा कस्बा पपरोला वार्ड नंबर-7 में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उक्त दोनों केंद्रों में एक एक सृजित पद क्रेच कार्यकर्ता एवं क्रेच सहायिका का भरा जाना प्रस्तावित है जिसके लिए पात्र एवं इच्छुक महिला अभ्यार्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक महिला अभ्यर्थी दिनांक 24 मार्च 2026 को सायं 5:00 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी बैजनाथ के कार्यालय में समस्त आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों सहित अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि क्रेच कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से बारहवीं उत्तीर्ण तथा क्रेच सहायिका के लिए दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है जबकि अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए जिसके समर्थन में संबंधित तहसीलदार/नायब तहसीलदार/कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र मान्य होगा। इसके अतिरिक्त आवेदनकर्ता संबंधित आंगनवाड़ी-सह-क्रेच केंद्र के लाभान्वित क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार दिनांक 28 मार्च 2026 को दोपहर 12:00 बजे उप-मंडलाधिकारी (ना.) बैजनाथ के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी बैजनाथ के कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

5 को देहरा और 6 मार्च को नगरोटा बगवा में जुपिटर सोलर टेक प्राइवेट लिमिटेड युवाओं को देगी रोजगार – जिला रोजगार अधिकारी

नगरोटा:जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय द्वारा जानकारी अनुसार जुपिटर सोलर टेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी देहरा और नगरोटा बगवा में युवाओं को रोजगार देने के लिए साक्षात्कार लेगी। साक्षात्कार 5 और 6 मार्च को लिए जाएंगे। 5 मार्च को उप रोजगार कार्यालय देहरा में और 6 मार्च को ओबीसी भवन नगरोटा बगवा में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

जुपिटर सोलर टेक प्राइवेट लिमिटेड पुरुष और महिला उम्मीदवारों के 260 पद भरने के लिए साक्षात्कार लेगी। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल और केमिकल में तीन वर्षीय डिप्लोमा रखा गया है। आयु 18 वर्ष से 32 वर्ष तक रखी गई है। आवेदक को कंपनी द्वारा रुपए 20 हजार प्रति माह वेतन दिया जाएगा। उपरोक्त दिनांक 5 को उप रोजगार कार्यालय देहरा और 6 मार्च के दिन ओबीसी भवन नगरोटा में सुबह 10 बजे इच्छुक उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की कॉपी व अनुभव प्रमाण पत्र साथ लेकर पहुंचना होगा।

मण्डी: पंडोह में अग्निवीर भर्ती रैली 22 से 30 मार्च तक, 3000 युवा होंगे शामिल

भर्ती रैली के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होंगी : अपूर्व देव

मण्डी: तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में 22 मार्च से 30 मार्च तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पिति जिलों के लगभग 3000 युवा भाग लेंगे। भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण के तहत आयोजित इस रैली में युवाओं का ग्राउंड टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी तथा सेना अधिकारियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, आयुक्त नगर निगम रोहित राठौर, एडीएम डॉ मदन कुमार, भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत, सहायक आयुक्त कुलदीप पटयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सुंदरनगर: जयदेवी स्कूल के 82 विद्यार्थियों ने किया खगराओं क्लस्टर का शैक्षणिक भ्रमण; हॉर्टिकल्चर और एग्रीकल्चर विषय में करियर बनाने के लिए किया प्रेरित

सुंदरनगर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयदेवी के 82 विद्यार्थियों ने प्री-वोकेशनल विजिट के अंतर्गत उद्यान विभाग सुंदरनगर द्वारा एचपीशिवा परियोजना के तहत स्थापित खगराओं क्लस्टर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें करियर के नए अवसरों के प्रति प्रेरित करना रहा।

प्रदेश सरकार के “अपना विद्यालय – द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम” के तहत उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनुपमा मैहरा ने विद्यालय को गोद लिया है। इसी क्रम में विद्यार्थियों को समय-समय पर करियर काउंसलिंग और विषयगत मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।

भ्रमण के दौरान डॉ. अनुपमा मैहरा ने विद्यार्थियों को विभिन्न फलदार पौधों, उनकी उन्नत किस्मों, रोपण तकनीक, रखरखाव तथा आधुनिक बागवानी पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के पास भूमि जैसी महत्वपूर्ण संपदा है, जिसका वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर वे आधुनिक खेती और बागवानी को लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार और कृषि आधारित उद्यमों की ओर भी ध्यान देने की सलाह दी। विद्यार्थियों को पौधरोपण, खाद प्रबंधन एवं पौधों की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे।

देवताओं की व्यवस्था को लेकर एसडीएम एवं मेला अध्यक्ष ने देवता समिति संग की अहम बैठक

जोगिंदर नगर: एसडीएम एवं मेला अध्यक्ष मनीश चौधरी ने जोगिंदर नगर में देवता समिति के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में चौहारघाटी व स्थानीय देवताओं के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान देवता समिति द्वारा मेले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से मेले के दौरान देवताओं के बैठने, पूजा-अर्चना तथा ठहरने की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इस पर मेला अध्यक्ष मनीश चौधरी ने देवता समिति को आश्वस्त किया कि मेले में देवताओं की ठहरने, पूजा एवं बैठने की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी तथा सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष भी मेले में 100 से अधिक देवी-देवता जलेब में भाग लेंगे। साथ ही मेला अध्यक्ष ने देवता समिति से आग्रह किया कि जलेब के आयोजन से पूर्व सभी देवता समय पर पहुंचें, ताकि जलेब को सुचारू रूप से सम्पन्न कराया जा सके और किसी प्रकार की देरी न हो।

बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और देवता समिति ने मेला प्रशासन के सहयोगात्मक रवैये की सराहना की।

मण्डी: अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी

मण्डी: भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय, मंडी कर्नल गौतम निशान्त ने सूचित किया है कि अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की वर्ष 2025-26 की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर जारी कर दिए गये हैं।

उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवार अपने पंजीकृत ई मेल और joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर लॉग इन करके अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवार प्रवेश पत्र में दर्शाई गयी तिथि के अनुरूप ट्रेनिंग ग्राउंड, थर्ड इंडिया रिजर्व बटालियन पंडोह में भर्ती रैली के लिए आना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि 22 मार्च, 2026 से 30 मार्च, 2026 तक आयोजित इस भर्ती में मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पिति जिले के लिखित परीक्षा वर्ष-2025 में उत्तीर्ण उम्मीदवार भाग लेंगे।

भर्ती निदेशक ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली संबंधी जारी अधिसूचना के मुताबिक सभी अपेक्षित दस्तावेज अपने साथ लाना सुनिश्चित करें और निर्धारित भर्ती तिथि और समय के मुताबिक रैली के लिए पहुंचें। अगर किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो वो सेना भर्ती कार्यालय मंडी में संपर्क कर सकते हैं और उनकी समस्या का यथासंभव समाधान किया जायेगा।

मधुमेह से पीड़ित कोविड संक्रमित मरीजों के लिए दिशा-निर्देश जारी

6 मार्च को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में दिव्यांगजनों का होगा चिकित्सा परीक्षण

बिलासपुर:  जिला बिलासपुर में दिव्यांगजन को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आगामी 6 मार्च (शुक्रवार) को शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर डॉ. शशि दत्त शर्मा ने जिला मेडिकल डिसएबिलिटी बोर्ड का गठन किया है।

इस सम्बन्ध में आदेश जारी करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बोर्ड में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों एवं अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनमें शिशु रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, मनोरोग विशेषज्ञ तथा क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि यह शिविर 6 मार्च को प्रातः 10 बजे से अंतिम लाभार्थी के परीक्षण तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षण का स्थान कक्ष संख्या-203, न्यू ओपीडी कॉम्प्लेक्स, क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित लाभार्थियों से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथि व समयानुसार शिविर में शामिल होने का आहवान किया है।

बिलासपुर: राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव 5 से 9 अप्रैल तक होगा आयोजित

मेला आयोजन को लेकर नगर व ग्राम नियोजन मंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

घुमारवीं (बिलासपुर): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में एसडीएम घुमारवीं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर व ग्राम नियोजन तथा आवास मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव 5 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

राजेश धर्माणी ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है तथा इसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मेले के दौरान पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताओं का विशेष आकर्षण रहेगा। इस बार महिला कुश्ती को भी शामिल किया जा रहा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसके अतिरिक्त स्कूलों और कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल सके।

मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं, इसलिए इन प्रतियोगिताओं को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मेले में इस वर्ष बेबी शो, डॉग शो तथा बुजुर्ग सम्मान शो का भी आयोजन किया जाएगा। बुजुर्ग शो में 70 से 90 वर्ष, 90 से 100 वर्ष तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शामिल कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और परंपरा के धरोहर हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी, जिससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक के दौरान मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, बिजली एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इस बीच उन्होंने कानून एवं व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन विभाग को सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग को भी निर्देशित किया गया कि मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो।

इसके उपरांत तकनीकी शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों के साथ मेला ग्राउंड का भी निरीक्षण किया।

बिलासपुर में जिला परिषद वार्डों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन अधिसूचित

बिलासपुर:  उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 89 तथा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 9(5) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला परिषद वार्डों के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन अधिसूचित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 20 फरवरी 2026 के माध्यम से प्रारूप प्रकाशित कर 27 फरवरी 2026 तक आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित अवधि तक प्राप्त आपत्तियों के निपटारे के उपरांत निदेशक एवं विशेष सचिव (पंचायती राज) हिमाचल प्रदेश के कार्यालय पत्र दिनांक 18 फरवरी 2026 की अनुपालना में यह अंतिम अधिसूचना जारी की गई है।

जिला परिषद बिलासपुर में कुल 14 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। वार्ड संख्या 1 घण्डालवीं में ग्राम पंचायत भपराल, लन्जता, कोट, हटवाड़, देहरा-हटवाड़, बम्म, पन्तेहड़ा, घण्डालवी, मरहाणा, कुठेड़ा-मरहाणा, सलाओं-उपरली तथा हम्बोट सम्मिलित किए गए हैं। वार्ड संख्या 2 डंगार में ग्राम पंचायत लैहड़ी-सरेल, बरोटा डंगार, पडयालग, गतवाड़, गाहर, दधोल, सेउ, तडौन, कसारू तथा भराड़ी शामिल हैं।

वार्ड संख्या 3 कुठेडा में ग्राम पंचायत मैहरी-काथला, लद्दा, तलवाड़ा, पटेर, कुठेडा, मोरसिंघी, दाबला, कोठी, तियूनखास, भुल्सवायें तथा तल्याणा सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 4 ननावां में ग्राम पंचायत हवाण, कुहमझवाड़, सरयूनखास, ननावां, मल्यावर, रोहिण, बल्हचुराणी, हरलोग, घुमारवीं, दकड़ी लुहारवीं, पट्टा तथा बाड़ी मंझेडवा शामिल हैं।

वार्ड संख्या 5 बड़गांव में ग्राम पंचायत बरठी, मोही, पपलाह, पलासला, करलोटी, कपाहड़ा, छत, सण्डयार, कोटलूब्राह्मणां, सुन्हाणी, डूहक, बड़गांव तथा बलोह सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 6 रोहल में ग्राम पंचायत डाहड, रोहल, गालियां, बैहना-ब्राह्मणां, बाला, झण्डूता, बलघाड़, मलांगण, घण्डीर, बल्हसीणा, दसलेहड़ा तथा झबोला शामिल किए गए हैं।

वार्ड संख्या 7 जेजवीं में ग्राम पंचायत नघ्यार, बड़गांव-ग्लू, कोसरियां, घराण, सनीहरा, भड़ोलीकलां, कुलज्यार, कलोल, डूडियां, मलराओं, जेजवीं, पपलोआ, सलवाड़ तथा धणी सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 8 बैहना जट्टा में ग्राम पंचायत समोह, विजयपुर, निहाण, गेहड़वीं, जांगला, नखलेहड़ डमली, बडोल, बैहना-जट्टा, हीरापुर, औहर, बैरीमियां तथा दाड़ी-भाड़ी को शामिल किया गया है।

वार्ड संख्या 9 बामटा में ग्राम पंचायत अमरपुर, पनोल, बकरोआ, अवारी खलीण, फटोह पनोह, कन्दरौर, बेनला-ब्राह्मणां, निचली-भटेड, चांदपुर, बल्ह-बलवाणा, कुड्डी, बामटा तथा ओयल शामिल हैं।

वार्ड संख्या 10 बरमाणा में ग्राम पंचायत बरमाणा, पंजगाई, हरनोड़ा, धौणकोठी, जमथल, धार-टटोह, सोलग-जुरासी, दरोबड़, दयोली, बिनौला, नोग, बैरी रजादियां तथा सिहड़ा सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 11 नम्होल में ग्राम पंचायत सुई-सुरहाड़, दिगथली, डोबा, रानीकोटला, भोली, साई-खारसी, सोलधा, छकोह, मलोखर, सिकरोहा, पंजैल-खुर्द, नम्होल तथा घ्याल शामिल हैं।

वार्ड संख्या 12 जुखाला में ग्राम पंचायत कोटला, निहारखण-बासला, जुखाला, माकड़ी-मार्कंड, बंदला, रघुनाथपुरा, कोठीपुरा, राजपुरा, दयोथ, मैहथी, कल्लर, नौणी, स्योहला, छड़ोल तथा कचैली सम्मिलित हैं। वार्ड संख्या 13 स्वाहण में ग्राम पंचायत तनबौल, टाली, कुटैहला, री, स्वाहण, बैहल, मण्डयाली, नकराणा, टरवाड़ तथा कौंडावाला शामिल हैं।

वार्ड संख्या 14 कोटखास में ग्राम पंचायत धरोट, कोटखास, घवाण्डल, सलोआ, माकड़ी, भाखड़ा, रोडजामन, तरसूह, ग्वालथाई, लैहड़ी, दबट, मजारी, कौलावालां-टोबा, बस्सी तथा खरकड़ी सम्मिलित की गई हैं।

उपयुक्त ने बताया कियह अंतिम प्रकाशन सर्वसाधारण की जानकारी हेतु अधिसूचित किया गया है तथा आगामी जिला परिषद चुनाव इसी परिसीमन के आधार पर संपन्न करवाए जाएंगे।

जिला रोजगार कार्यालय ऊना में साक्षात्कार 7 मार्च को

प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज और इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में भरे जाएँगे विभिन्न पद 
ऊना: जिला रोजगार कार्यालय ऊना में 7 मार्च (शनिवार) को प्रातः 10:30 बजे कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस साक्षात्कार में प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज और इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनीज शामिल होगीं।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज में हाई प्रेशर मोल्डिंग मशीन ऑपरेटर के 3 पद भरें जाएँगे। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, इलेक्ट्रीशियन के 5 पदों के लिए आईटीआई, 2-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, फिटर के 7 पदों हेतु आईटीआई, 2-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35, सीएनसी ऑपरेटर के पदों के लिए 12वीं/आईटीआई, 1-3 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष, हेल्पर के 20 पदों के लिए 10वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष, बारिमैन के 3 पदों के लिए 5वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष, पाउरर के 3 पदों के लिए 5वीं, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 18-35 वर्ष और स्पेक्ट्रो मीटर ऑपरेटर के 2 पदों के लिए आईटीआई कोपा/डीसीए/12वीं नॉन-मेडिकल, 1-2 वर्ष अनुभव, आयु 20-35 वर्ष होना अनिवार्य है।
इसके साथ ही, इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड में सेल्स एग्जीक्यूटिव (एसबीआई क्रेडिट कार्ड) के पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं/स्नातक, फ्रेशर और आयु 22-32 वर्ष निर्धारित की गई है।
अक्षय शर्मा ने इच्छुक पात्र अभ्यर्थी से अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल प्रमाण पत्रों तथा बायोडाटा सहित निर्धारित तिथि व समय पर उपस्थित होने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्रीतिका ऑटो इंडस्ट्रीज के मो. 79868-08108 तथा इनॉउ सोर्स प्राइवेट लिमिटेड के मो. 95010-68369 पर संपर्क कर सकते हैं।इसके अलावा साक्षात्कार में आने-जाने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।