ब्लॉग

जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक अब 13 मार्च को

मण्डी: अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने बताया कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक, जो पहले 7 मार्च को प्रात: 11.00 बजे विपाशा सदन मंडी में आयोजित की जानी निर्धारित थी, प्रशासनिक कारणों से स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 13 मार्च को पूर्व निर्धारित समय व स्थान पर आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

मिशन शक्ति-पालना योजना के तहत क्रैच कार्यकर्ता व सहायिका के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

मण्डी: बाल विकास परियोजना अधिकारी मंडी-सदर जितेन्द्र सैनी ने जानकारी दी कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा मिशन शक्ति-पालना योजना के अंतर्गत स्वीकृत आंगनबाड़ी-एवं-पालना केंद्रों में क्रैच कार्यकर्ता तथा क्रैच सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए स्थानीय महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन केंद्रों में समेकित बाल विकास सेवाओं के साथ कामकाजी महिलाओं के बच्चों की उचित देखभाल और सुरक्षा के लिए डे-केयर सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि क्रैच कार्यकर्ता को 5500 रुपये तथा क्रैच सहायिका को 3000 रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। नगर निगम मंडी के वार्ड भगवाहन (दरम्याना-2), थनेहड़ा (थनेहड़ा-1), सुहड़ा (लोअर सुहड़ा-2) और नेरचौक के वार्ड नंबर 2 ढांगू केंद्र में क्रैच कार्यकर्ता और क्रैच सहायिका के दोनों पदों को भरा जाएगा।

इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है। उपमंडल बल्ह से संबंधित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27 मार्च को एसडीएम कार्यालय बल्ह तथा उपमंडल सदर से संबंधित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 28 मार्च को एसडीएम कार्यालय मंडी में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि क्रैच कार्यकर्ता और सहायिका के पद के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी तथा उनकी आयु अधिसूचना जारी होने की तिथि को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक संबंधित पालना केंद्र के फीडर क्षेत्र से होना आवश्यक है तथा परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। क्रैच कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं तथा सहायिका के लिए 10वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।

इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियों सहित 25 मार्च तक कार्यालय बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर में जमा कर सकते हैं। साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।

अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, मंडी-सदर के दूरभाष नंबर 01905-225540 या संबंधित पर्यवेक्षक अथवा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है।

बिलासपुर: राजेश धर्माणी 7 मार्च को राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं के वार्षिक समारोह में करेंगे शिरकत

बिलासपुर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 7 मार्च को प्रातः 11 बजे राजकीय महाविद्यालय घंडालवीं के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगे।

यह जानकारी आज यहां एक सरकारी प्रवक्ता ने दी।

कुल्लू वाहन पासिंग, ड्राइविंग टेस्ट की तिथियां निर्धारित

कुल्लू : क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, कुल्लू द्वारा मार्च 2026 के लिए वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है।

आरटीओ कुल्लू राजेश भंडारी ने बताया कि आरटीओ कुल्लू में 06, 12, 18 व 24 मार्च को वाहनों की पासिंग तथा 25 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट का आयोजन होगा। आरएलए कुल्लू में 11 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट होंगे।

उन्होंने बताया कि मनाली में 9 और 23 मार्च को वाहन पासिंग और10और 11 मार्च को ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

बंजार में 7 मार्च को वाहन पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे।

कुल्लू: लंबित राजस्व मामलों के निपटारे के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित

कुल्लू: लंबित राजस्व मामलों के निपटारे के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित सरकार ने जिला कुल्लू ने लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निपटारे के उद्देश्य से सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों को पुनः अस्थायी रूप से नियुक्त करने के लिये आवेदन आमंत्रित किये हैं। इच्छुक सेवानिवृत्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उपायुक्त, अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि ज़िला कुल्लू में वर्तमान में एक तहसीलदार, तीन नायब तहसीलदार, चार फील्ड कानूनगो और 32 पटवारियों के पद रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को प्रारंभिक तौर पर तीन माह के लिए नियुक्त किया जाएगा। आवश्यकता और कार्य प्रदर्शन के आधार पर इस अवधि को आगे बढ़ाया भी जा सकता है।

तहसीलदार को 70,000 रुपये, नायब तहसीलदार को 60,000 रुपये, कानूनगो को 50,000 रुपये तथा पटवारी को 40,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी आधार पर होगी तथा नियमित अधिकारियों की उपलब्धता होने पर इसे समाप्त किया जा सकता है। इच्छुक सेवानिवृत्त अधिकारी जिन्हें राजस्व विभाग में 5 वर्षों के सेवा का अनुभव हो तथा आवेदक की आयु 65 वर्ष से अधिक न हो। इछुक व्यक्ति जो निर्धारित शर्तों को पूर्ण रखते हों उपायुक्त कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

दिव्यांगों और बुजुर्गों को कृत्रिम अंग एवं उपकरण देने के लिए लगेंगे आकलन शिविर

16 मार्च को भकरेड़ी और 17 मार्च को हमीरपुर में लगाए जाएंगे शिविर

18 मार्च को सुजानपुर, 19 को कलूर और 20 को भोरंज में किया जाएगा आकलन

हमीरपुर : जिला हमीरपुर के दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग तथा अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम मोहाली द्वारा जिला प्रशासन हमीरपुर और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एक विशेष पहल की गई है। निशुल्क कृत्रिम अंग और अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के आकलन के लिए इस माह जिला हमीरपुर के सभी उपमंडलों में आकलन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

एडीसी एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि 16 मार्च को बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत भकरेड़ी में, 17 मार्च को जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर, 18 मार्च को तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय सुजानपुर, 19 मार्च को नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत कलूर और 20 मार्च को पंचायत कार्यालय भोरंज मंे आकलन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

एडीसी ने बताया कि इन शिविरों में जिला के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, वॉकर एवं कानों की मशीन इत्यादि उपकरण निशुल्क प्रदान करने के लिए परीक्षण किया जाएगा। इन शिविरों में आंखों के चश्मांे और दांत लगवाने के लिए परीक्षण नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता से ग्रस्त दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक इन शिविरों में भाग लेकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। दिव्यांगजनों को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सालाना 2.70 लाख रुपये या इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाना होगा। जिन दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, वे स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से स्वावलंबन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर यूडीआईडी कार्ड बनवा सकते हैं।

इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छाया प्रति, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी सालाना 1.80 लाख रुपये अथवा इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाएं।

उपमंडल हमीरपुर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 94187-43265, बड़सर उपमंडल के लिए 94186-67372, भोरंज के लिए 98162-85178, नादौन के लिए 78071-52504 और सुजानपुर के लिए 70186-86968 पर संपर्क किया जा सकता है।

हमीरपुर : सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान 29 मार्च से; डीसी गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों के साथ बैठक करके की तैयारियों की समीक्षा

पहले चरण में जिला हमीरपुर की 4338 लड़कियों को लगाए जाएंगे टीके

हमीरपुर : सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए जिला हमीरपुर में भी एचपीवी टीकाकरण अभियान आरंभ किया जाएगा, जिसके पहले चरण में 14-15 वर्ष के आयु वर्ग की लगभग 4338 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन का एक-एक टीका लगाया जाएगा। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण के दौरान जिला हमीरपुर में लगभग 4338 लड़कियों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ये टीके 29 मार्च, 5 अप्रैल और 12 अप्रैल को सुबह 10 से दोपहर बाद 3 बजे तक लगाए जाएंगे। छूटी लड़कियों के लिए 19 अप्रैल, 10 मई, 24 मई और 21 जून को भी टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने कहा कि इस आयु वर्ग की लड़कियां टीकाकरण के दिन अपने अभिभावकों को साथ लाएं और घर से खाना खाकर ही टीका लगवाने आएं। उनके पास आधार कार्ड या पहचान का अन्य प्रमाण तथा ओटीपी के लिए मोबाइल फोन भी होना चाहिए।

उपायुक्त ने बताया कि अन्य आम वैक्सीनों की तरह ही इस टीके को लगाने के बाद कुछ लड़कियांे को थोड़ी देर के लिए मामूली दिक्कत होगी तो उसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से ही तैयारी रखी है तथा टीका लगाने के बाद प्रत्येक लड़की को कुछ मिनटों के लिए स्वास्थ्य केंद्र में रोका जा सकता है।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि महिलाओं में बार-बार इनफेक्शन के कारण सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सर्वाइकल कैंसर की शिकार लगभग 99.7 प्रतिशत महिलाओं में इसका कारण लंबे समय तक इनफेक्शन होना ही है। एक अध्ययन के अनुसार एक लाख महिलाओं में लगभग 14 महिलाएं इससे ग्रस्त पाई जाती हैं। महिलाओं में ब्रैस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर सबसे ज्यादा पाया गया है। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को इस कैंसर से बचाया जा सकता है।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 29 मार्च से आरंभ होने जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी इस अभियान में सक्रिय योगदान देने के निर्देश दिए, ताकि सभी लड़कियों को ये टीके लगाए जा सकें।

बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री ने टीकाकरण अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

हमीरपुर में मार्केटिंग फील्ड एजेंट के साक्षात्कार 6 को

हमीरपुर: वर्मा ज्यूलर्स सोलन में मार्केटिंग फील्ड एजेंट के 30 पद भरे जाएंगे। इन पदों को भरने के लिए 6 मार्च को जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।

जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले बारहवीं पास, स्नातक और स्नातकोत्तर पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे।

आवेदक की आयु 25 से 35 वर्ष के बीच हो।

कंपनी द्वारा चयनित आवेदकों को 14000 रुपए मासिक वेतन दिया जायेगा तथा चयनित आवेदकों का का कार्य क्षेत्र हमीरपुर होगा । इच्छुक आवेदक जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थाई निवासी प्रमाण पत्र व् अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर-01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

कांग्रेस में राज्यसभा टिकट को लेकर कांग्रेस की अंतर्कलह फिर जगजाहिर- बिक्रम ठाकुर

धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश) : हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। पूर्व उद्योग मंत्री एवं भाजपा नेता बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा टिकट को लेकर कांग्रेस में जिस प्रकार का घटनाक्रम सामने आया है, उसने पार्टी के अंदर गहरी गुटबाजी और अंतरकलह को उजागर कर दिया है। कांग्रेस केंद्रीय आला कमान पर आनंद शर्मा ने जो बात कही है, वह कांग्रेस के कथित बड़े नेताओं की नेतृत्व क्षमता पर भी सवाल खड़े करता है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा जैसे वरिष्ठ नेता का सार्वजनिक रूप से यह कहना कि “राजनीति में सच बोलना अपराध माना जाता है”, इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस के भीतर हालात कितने खराब हैं। उन्होने जोड़ा कि कांग्रेस पार्टी में सामंजसय की कितनी कमी है, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि 3 घंटे तक विधायक दल की बैठक नहीं हो पाई. विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे बुलाई गई, लेकिन बैठक के लिए समय पर पहुंचे विधायक केवल इंतज़ार करते रहे. उन्होंने कहा कि इस पुरे घटनाक्रम से पार्टी में आपसी समन्वय की भारी कमी नज़र आती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र और पारदर्शिता की उम्मीद करना ही बेकार है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और संगठन दोनों ही इस समय गंभीर अंतर्विरोधों से जूझ रहे हैं। राज्यसभा टिकट को लेकर जो स्थिति बनी है, उसने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस में नेतृत्व पूरी तरह असमंजस और दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर कई नेता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और यही वजह है कि अब उनकी नाराजगी सार्वजनिक मंचों पर सामने आ रही है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा के बयान से पार्टी के भीतर की गुटबाज़ी खुलकर सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस की इस गुटबाज़ी का दुष्परिणाम प्रदेश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अंतरकलह से जूझ रही कांग्रेस सरकार का प्रदेश में विकास कार्यों पर कोई ध्यान नहीं। राज्य की कांग्रेस सरकार को अपनी राजनितिक खींचतान से ही फुर्सत नहीं मिल रही है। उन्होने कहा कि राज्य सरकार न तो खुद काम कर रही है और न ही विपक्ष के विधायकों को काम करने दे रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के कार्य पूरी तरह से ठप हो गए हैं। विधायकों से विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि का अधिकार भी छीन लिया गया है। इस कारण विपक्ष के विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं कर पा रहे हैं।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने अपने फेक फेसबुक प्रोफाइल की पुलिस और साइबर क्राइम को दी शिकायत

शिमला: उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप के नाम और तस्वीर का उपयोग करते हुए एक फर्जी फेसबुक अकाऊंट बनाया गया है।
इस मामले की शिकायत उपायुक्त ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला और साइबर क्राइम को दी है, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। साइबर सैल यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह फेक अकाउंट किसने बनाया है।
उपायुक्त ने आम जनता और अधिकारियों से अपील की है कि यदि उनके फेक फेसबुक प्रोफाइल से किसी को भी कोई संदेश या पैसों की मांग आती है तो उस पर भरोसा न करें और उस प्रोफाइल को रिपोर्ट करें।