ब्लॉग

शिमला: कुसुम्पटी बाजार सड़क 19 से 22 अगस्त तक यातायात के लिए बंद 

सोलन: निर्धारित अवधि के लिए चायल मार्ग को बंद करने के आदेश

सोलन: राष्ट्रीय उच्च मार्ग संख्या 05 पर सोलन से कैथलीघाट के मध्य फोरलेन कार्य के दृष्टिगत मशीनरी एवं उपकरण स्थापित करने के लिए चायल मार्ग को कुछ समय तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन द्वारा जारी किए गए हैं।

इन आदेशों के अनुसार 06 फरवरी, 11 फरवरी तथा 17 फरवरी, 2026 को रात्रि 10 बजे से अर्धरात्रि 02 बजे तक कण्डाघाट से चायल मार्ग को बंद रखा जाएगा।

आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि फोरलेन कार्य के लिए मशीनरी व उपकरणों को स्थापित करने के लिए चायल मार्ग के अतिरिक्त कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। जानो-माल की सुरक्षा के दृष्टिगत उक्त तिथियों को निर्धारित अवधि में मार्ग बंद करने का निर्णय लिया गया है।

आदेशों के अनुसार कंपनी को यह सुनिश्चित करना होगा कि उक्त अवधि में साइट पर सुरक्षा की उचित व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चेतावनी के साइन लगाए जाएं। पुलिस प्रशासन के परामर्श के अनुसार निर्धारित स्थानों पर यातायात बदलाव सुनिश्चित बनाना होगा और जन सुरक्षा के उपाय करने होंगे। कार्य निर्धारित अवधि के दौरान पूरा करना होगा ताकि आमजन को असुविधा न सामना न करना पड़े। सम्बन्धित पुलिस प्रशासन व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कार्य के बारे में सूचित करना सुनिश्चित बनाना होगा।

यह अनुमति आमजन की सुविधा व फोरलेन कार्य के दृष्टिगत जनहित में दी गई हैं।

हमीरपुरवासियों को शॉपिंग कांप्लैक्स के रूप में मिलेगी एक और बड़ी सौगात

हमीरपुरवासियों को शॉपिंग कांप्लैक्स के रूप में मिलेगी एक और बड़ी सौगात

वर्तमान बस स्टैंड पर बनेगा एक भव्य बहुमंजिला शॉपिंग मॉल

ऑडिटोरियम, पार्किंग और अन्य सुविधाएं का भी होगा प्रावधान

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगर निगम तैयार कर रही है योजना का खाका

हमीरपुर : अपने गृह जिले के मुख्यालय को नगर निगम का दर्जा देकर और यहां लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ करवाने के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर शहर को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। यह सौगात होगी, एक भव्य शॉपिंग कांप्लैक्स की।

जी हां, निर्माणाधीन नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद हमीरपुर शहर के वर्तमान बस स्टैंड को एक भव्य बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स का रूप दिया जाएगा, जिसमें शॉपिंग मॉल, ऑडिटोरियम, पार्किंग और कई अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस बहुमंजिला शॉपिंग कांप्लैक्स के लिए व्यापक योजना तैयार की जा रही है। सबसे पहले, वर्तमान बस स्टैंड की जमीन को शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी और नए बस स्टैंड का कार्य पूर्ण होते ही वर्तमान बस स्टैंड की जगह भव्य शॉपिंग कांप्लैक्स का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस कांप्लैक्स में सभी आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा।

नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि इस प्रस्तावित शॉपिंग कांप्लैक्स के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना का खाका तैयार किया गया है। इस योजना में शहरवासियों, कारोबारियों और प्रतिदिन बाहर से बड़ी संख्या में आने वाले लोगों की सुविधाओं तथा हमीरपुर शहर की भविष्य की जरुरतों के अनुसार सभी आवश्यक प्रावधान किए जा रहे हैं, ताकि लोगांे को शहर के बीचों-बीच बेहतरीन सुविधाएं मिल सकें। आयुक्त ने बताया कि इस क्षेत्र को एक बड़े सिटी सेंटर की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। हमीरपुर शहर के लिए यह एक बहुत बड़ी सौगात होगी।

धंग्यारा/ मण्डी: कमरू घाटी के गोत गांव से विधिपूर्वक महाशिवरात्रि के लिए बड़ा देव कमरूनाग ने किया प्रस्थान

धंग्यारा/ मण्डी:  पुरातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग जी ने आज शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव -2026 के लिए प्रस्थान किया।

कमरू घाटी के गोत गांव में भंडार से आज प्रातः काल देव वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच बड़ा देव कमरुनाग जी का सूरज पख्खा धंग्यारा गलू स्थित परता स्थल (थड़ा) पर पहुंचा। यहां कुछ समय विश्राम के दौरान स्थानीय लोगों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

बड़ा देव के पुजारी बोधराज ठाकुर ने बताया कि 9 दिन की पैदल यात्रा के बाद बड़ादेव कमरूनाग का स्वरूप सूरज पख्खा मंडी नगर पहुंचेगा। इस बीच विभिन्न क्षेत्रों में देव कमरूनाग जी अपने भक्तों को दर्शन देंगे। 13 फरवरी को देव कमरूनाग मंडी शहर के करीब गुटकर में अपने भक्त के घर पर रात्रि ठहराव करेंगे। वहीं 14 फरवरी को मंडी शहर के प्रवेश द्वार पुलघराट के समीप जिला प्रशासन और सर्व देवता कमेटी द्वारा बड़ादेव का परंपरागत स्वागत किया जाएगा।

बड़ा देव कमरूनाग का मंडी जनपद के अधिष्ठाता राज देवता माधोराय के राजमहल स्थित मंदिर में महामिलन होगा जहां अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन कमरुनाग जी का विधिवत स्वागत करेंगे। इसके उपरांत राज परिवार द्वारा स्वागत करने के बाद बड़ा देव कमरूनाग जी टारना स्थित माता श्यामा काली मंदिर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे, जहां वे पूरे शिवरात्रि महोत्सव के दौरान विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के कारज बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने पर ही आरंभ माने जाते हैं।

काहुली और नगाड़ा से निकली मधुर देवधुन

परंपरागत वाद्य यंत्रों की देवधुन की मधुर स्वर लहरियों के साथ बड़ादेव पूरे लाव-लश्कर के साथ राज माधोराय की नगरी के लिए रवाना हुए। चार काहुली, रियासतकालीन नगाड़ा, ढोल और धांस बजाते बजंतरी मंगलध्वनी करते आगे बढ़े। बड़ादेव के दल में पुजारी बोधराज ठाकुर, कटवाल चेत राम ठाकुर, पूर्व गूर समेत 28 देवलू साथ रवाना हुए। पुलिस कर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी इस दौरान साथ चल रहे हैं।

मण्डी: सब-स्टेशन की मुरम्मत के चलते 8 फरवरी को बंद रहेगी बिजली

मण्डी: अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियों के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के उपमंडल-02 के तहत 08 फरवरी, 2026 को 33/11 केवी सब-स्टेशन समखेतर की आवश्यक मुरम्मत एवं रख रखाव का कार्य निर्धारित किया गया है।

ऐसे में इस सब-स्टेशन के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों जैसे लोअर व अप्पर समखेतर, गोल पौड़ी, बालक रूपी, खत्री सभा, मोती बाज़ार, अस्पताल रोड, जोनल अस्पताल, गणपति रोड, पैलेस कॉलोनी, सैण मोहल्ला, सैण मट, ट्रेज़री ऑफिस, वेलफेयर ऑफिस, तुंगल कॉलोनी, टाउन हॉल, यूपी कॉलोनी, नेशनल स्ट्रीट, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, सुहड़ा मुहल्ला, रवि नगर, नर्सिंग हॉस्टल, महाजन बाज़ार, उपायुक्त कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला न्यायालय परिसर, सेरी बाज़ार, चौबाटा बाजार, इंदिरा मार्किट, पोस्ट ऑफिस रोड, भूतनाथ बाजार, दरम्याना मोहल्ला, भगवाहन मोहल्ला, चंद्रलोक गली, बंगला मोहल्ला, जिमखाना, सरदार पटेल विश्वविद्यालय, पुलिस थाना पड्डल, रामनगर, पुलघराट, अप्पर व लोअर मंगवाईं, तहसील कार्यालय, विश्वकर्मा मंदिर, उप्पर व लोवर सन्यारड, थनेहड़ा मोहल्ला, महामृत्युंजय मंदिर, टारना, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी व इसके आस पास के क्षेत्रों में 08 फरवरी, रविवार को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी।

यह जानकारी बोर्ड के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि बारिश या मौसम खराब रहने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जा सकता हैI उन्होंने सभी संबंधित विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग का आग्रह किया है।

मण्डी: 15 फरवरी को पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप ब्यास तट पर होगी महाआरती

मण्डी: मण्डी के सुविख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में ब्यास नदी के तट पर स्थित पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप भव्य आरती का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक बैठक अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस बार भी शिवरात्रि महापर्व के पावन अवसर पर 15 फरवरी, 2026 को सायं 06.00 बजे पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप ब्यास महाआरती का आयोजन पूरी श्रद्धा के साथ किया जाएगा। आरती की विधि पांच पंडितों (पुजारियों) द्वारा संपन्न करवाई जाएगी। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों में जन सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने इस महा आरती के सफल आयोजन के लिए शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इस भव्य आरती में पहुंचने वाले लोगों की सुविधा के लिए आरती स्थल के आस-पास सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान इस आयोजन को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी दिए। इस तरह के

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एचपी-शिवा परियोजना के तहत नए किसान क्लस्टरों हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी

सुंदरनगर: हिमाचल प्रदेश सरकार के बागवानी विभाग द्वारा संचालित एचपी-शिवा परियोजना के अंतर्गत नए किसान क्लस्टरों के चयन हेतु आमंत्रित रुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) की अंतिम तिथि में संशोधन किया गया है।

उद्यान विकास अधिकारी सुंदरनगर डॉ. अनुपमा मैहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि ईओआई जमा करने की अंतिम तिथि को 31 जनवरी 2026 से बढ़ाकर अब 20 फरवरी 2026 कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस ईओआई के माध्यम से प्रदेश के सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी तथा हमीरपुर जिलों में विभिन्न फल फसलों के लिए नए किसान क्लस्टरों का चयन किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत संतरा, अमरूद, अनार, लीची, प्लम, पर्सीमन, पेकान नट एवं आम के लिए न्यूनतम 3 हेक्टेयर सतत क्षेत्र, एवोकाडो के लिए न्यूनतम 2 हेक्टेयर सतत क्षेत्र, जबकि ड्रैगन फ्रूट, ब्लूबेरी, किवि एवं मैकाडेमिया नट के लिए न्यूनतम 0.5 हेक्टेयर सतत क्षेत्र निर्धारित किया गया है।

डॉ. मैहरा ने बताया कि एचपी-शिवा परियोजना में पहले से शामिल फसलों के लिए अनुदान(सब्सिडी) का पैटर्न पूर्ववत ही रहेगा, जबकि ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, ब्लूबेरी, किवि, मैकाडेमिया नट जैसी नई फसलों के लिए अनुदान पैटर्न का निर्णय बाद में किया जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक क्लस्टर के लिए किसानों द्वारा स्वयं पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा तथा एक क्लस्टर में कम से कम तीन या उससे अधिक किसानों का शामिल होना आवश्यक है।

उद्यान विकास अधिकारी ने सुंदरनगर क्षेत्र के पात्र किसानों, किसान समूहों एवं अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी ईओआई उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय, सुंदरनगर में प्रस्तुत करें।

अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 94597-86929 या 70189-32740 पर संपर्क किया जा सकता है।

बिलासपुर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली रहेगी बंद

बिलासपुर:  सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-1 सन्नी कुमार जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 फरवरी को अनुभाग जबली में ऋषिकेश फीडर पर मरम्मत कार्य प्रस्तावित होने के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति आंशिक रुप से बाधित रहेगी।

उन्होंने बताया कि जबली अनुभाग के अंतर्गत ऋषिकेश फिडर में आने वाले क्षेत्र खंसरा, रामपुरा, लोअर भराडी, समोला, मण्डी मानवा, कोहलवीं, ऋषिकेश, तन्योर, बैहना जट्टा, छत, डमली तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।

ऊना में आईएसओ पीडीएस सर्टिफाइड मॉडल पर खुलेंगी उचित मूल्य की दुकानें – डॉ. कत्याल

ऊना : ज़िला ऊना में आईएसओ पीडीएस सर्टिफाइड मॉडल दुकानें खोली जाएंगी ताकि खाद्य सामग्री के उचित रख-रखाव के साथ-साथ तथा गर्मियों में राशनकार्डधारकों को भी राशन लेने में कोई परेशानी न हो। यह बात शुक्रवार को राज्य खाद्य सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश कत्याल ने एक प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने बताया कि उनके ज़िला ऊना के चार दिवसीय प्रवास का उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा पोषण से सम्बन्धित केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के ज़िला में प्रभावी कार्यान्वयन की मॉनिटरिंग करना है। इसी कड़ी में गत रोज़ राशन वितरण, खाद्यान्नों की गुणवत्ता, शिकायत निवारण प्रणाली जांच और त्वरित निवारण की कार्यवाही, स्कूलों में बच्चों दिये जा रहे मिड डे मील की उपलब्धता, डाइट चार्ट, आहार गुणवत्ता, शौचालयों की स्थिति, आंगनवाड़ियों में शिशु देखभाल व पोषण, गर्भवती व धात्री महिलाओं तथा नवजात शिशुओं के नियमित स्वास्थ्य जांच व पोषण, स्कूलों में मिड डे मील, उपलब्धता, न्यूट्रिशियन गार्डन की उपलब्धता व उपयोगिता सभी सुविधाओं बारे सम्बन्धित विभागों से विस्तृत की गई तथा आवश्यक फीडबैक भी ली गई।

डॉ. कत्याल ने जानकारी दी कि आज इन योजनाओं की धरातल पर मॉनिटरिंग करने के लिए विभिन्न सेवा प्रदाता संस्थानों का विजिट किया गया। उन्होंने बताया कि एनएफएसए के तहत आटा मिल, मिड-डे मील, आंगनबाड़ी केंद्रों व उचित मूल्य की दुकानांे पर जाकर मौके पर स्थितियांे की परख की गई। उन्होंने बताया कि आटे की आपूर्ति करने वाली आटा मिल में मैदा और सूजी का मिश्रण किया जा रहा है। इसके लिए विभाग को आवश्यक जांच व कार्रवाई करने के निर्देश मौके पर ही दे दिये गये। उन्होंने बताया कि बंगाणा, ऊना और हरोली ब्लॉक के स्कूलों में जाकर एक संस्थान को छोड़कर मिड डे मील का जायज़ा लेने पर स्थिति संतोषजनक पाई गई। एक स्कूल में मिड डे स्कूल में पर्याप्त राशन न पाये जाने पर मिड डे मील इंजार्च को मौके पर ही बदलने के निर्देश दिये गये ताकि ऐसी स्थिति न उत्पन्न हों। जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता और खाद्य सामग्री का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण करने पर दुकानों का संचालन व खाद्यान्न भण्डारण सही पाया गया।

उन्होंने बताया कि स्कूलों में मिड डे मील वर्करों को हर तीन महीने में मेडिकल चेकअप करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूलों में नियमित निरीक्षण की संख्या बढ़ाने को कहा गया। ऊना अस्पताल में चल रहे न्यूट्रिशन रिहाबिटेशन सेंटर का भी दौरा किया तथा आवश्यक निर्देश दिए गए है। छिन्नमस्तिका कुष्ठ रोग आश्रम में दी जा रही सुविधाओं का भी आकलन किया गया। यहां रह रहे लोगों से भी फीडबैक ली गई, जो संतोषजनक रही।

प्रेस वार्ता में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जगदीश धीमान तथा उपनिदेशक शिक्षा सोम लाल धीमान साथ रहे।

शिमला: शिक्षा मंत्री ने की विकास एवं अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा ; लंबित कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

शिमला:  शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज यहां जिला शिमला के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने जल आपूर्ति, सिंचाई, सीवरेज, सड़कों और सार्वजनिक अवसंरचना से संबंधित क्रियान्वित किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जल शक्ति विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र में लगभग 250.25 करोड़ रुपये की 94 योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैैं। इसके अतिरिक्त 152.34 करोड़ रुपये की लागत की 20 नई योजनाएं स्वीकृति के अन्तिम चरण में है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) के अंतर्गत 38 करोड़ रुपये की पब्बर लिफ्ट पेयजल आपूर्ति योजना क्रियान्वित की जा रही है। इस योजना के पूर्ण होने से 27 पंचायतें लाभान्वित होंगी और क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस परियोजना को 31 मार्च, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्ष, 2017 में तत्कालीन ब्रिक्स, द्वारा शिमला जिला के लिए स्वीकृत की गई एकमात्र परियोजना थी, जिसका क्रियान्वयन वर्ष, 2022 में आरंभ हुआ।
बैठक में मंत्री ने योजना-वार प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित बाधाओं का समाधान कर लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के अंतर्गत जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 22.82 करोड़ रुपये की लागत की नौ योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 से 2025-26 की अवधि के दौरान जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 553.74 करोड़ रुपये के विकास कार्य आरंभ किए गए हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, आयुर्वेद, तकनीकी शिक्षा, बागवानी और पुलिस विभागों के अंतर्गत इसी अवधि में 40.71 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न सरकारी विभागों के 25 भवनों को जनता को समर्पित किया जा चुका है, जबकि 15 अन्य भवन निर्माणाधीन हैं, जिनसे क्षेत्र में प्रशासनिक एवं सेवा वितरण अवसंरचना और सुदृढ़ होगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि हाल ही में पीएमजीएसवाई-चतुर्थ चरण के अंतर्गत 112 करोड़ रुपये की लागत की 18 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
शिक्षा मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने, समयबद्ध योजनाओं को पूरा करने तथा फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि जनता को समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थेे।

विपक्षी विधायकों की प्राथमिकताओं की DPR तक नहीं बन रही, जनता के विकास कार्य जानबूझकर रोके जा रहे – जयराम ठाकुर

शिमला:  भाजपा विधायक दल ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विधायक क्षेत्र विकास निधि, ऐच्छिक निधि तथा विपक्षी विधायकों की विकास प्राथमिकताओं को लंबित रखने के मुद्दे को गंभीरता से उठाया गया।

ज्ञापन में राज्यपाल को अवगत करवाया गया कि प्रदेश सरकार अक्तूबर 2025 के बाद से विधायक क्षेत्र विकास निधि जारी नहीं कर रही है, जिसके कारण विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता से किए गए विकास कार्यों के वायदे पूरे करने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा विधायक दल ने कहा कि इस वर्ष प्राकृतिक आपदा से प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है और ऐसे समय में विधायक निधि विकास और पुनर्स्थापना कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक थी, लेकिन सरकार ने बजट प्रावधान होने के बावजूद केवल आधी निधि जारी कर शेष राशि रोक दी।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विधायकों की ऐच्छिक निधि भी समय पर जारी नहीं की जा रही, जिससे गरीब, बीमार और आपदा प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता देने में भी बाधा आ रही है। इससे जनप्रतिनिधियों की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन सौंपने के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हिमाचल में परंपरा रही है कि विधायकों से विकास की दृष्टि से प्राथमिकताएं ली जाती हैं और वे पीडब्ल्यूडी तथा जल शक्ति विभाग में अपनी योजनाएं दर्ज करते हैं। परंतु पिछले तीन वर्षों में विपक्षी विधायकों द्वारा दी गई प्राथमिकताओं पर न तो DPR बनाई जा रही है और न ही उन्हें नाबार्ड से स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। यदि कहीं DPR बनी भी है तो उसे आगे बढ़ाने के बजाय रोक दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था और समान विकास की भावना के विपरीत है। विपक्षी क्षेत्रों के विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से रोका जा रहा है। विधायक निधि की केवल दो किश्तें 55-55 लाख रुपये ही जारी की गई हैं, जबकि शेष राशि रोकी गई है। कई मामलों में स्वीकृति पत्र जारी होने के बाद भी ट्रेजरी स्तर पर भुगतान रोक दिया गया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक दल ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि सरकार को निर्देश दिए जाएं कि विधायक क्षेत्र विकास निधि और ऐच्छिक निधि तुरंत जारी की जाए तथा विपक्षी विधायकों की विकास प्राथमिकताओं की DPR बनाकर नाबार्ड को भेजी जाए, ताकि सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष के साथ विधायक विपिन परमार, सतपाल सत्ती, विक्रम ठाकुर, रणधीर शर्मा, डीएस ठाकुर, राकेश जम्वाल, पवन काजल, सुखराम चौधरी, दिलीप ठाकुर, इंदर सिंह गांधी, डॉ. जनक राज, दीप राज कपूर, लोकेंद्र कुमार, प्रकाश राणा, रीना कश्यप, त्रिलोक जमवाल, इंद्र दत्त लखनपाल, सुरेंद्र शौरी, पूर्ण चंद, जीत राम कटवाल, हंस राज, बलबीर वर्मा सहित अन्य विधायक उपस्थित रहे।