ब्लॉग

मण्डी: भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए टेंडर आमंत्रित

मण्डी: सहायक आयुक्त मंडी कुलदीप सिंह पटियाल ने बताया कि भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में 22 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के लिए स्टेज, टेंट व फर्नीचर की व्यवस्था हेतु सीलबंद निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि निविदाएं दो-बिड प्रणाली के तहत 9 मार्च 2026 को दोपहर 2:30 बजे तक उपायुक्त कार्यालय मंडी में जमा करवाई जा सकती हैं और उसी दिन 3 बजे खोली जाएंगी। टेंडर प्रपत्र 2000 रुपये शुल्क पर कार्यालय से अथवा वेबसाइट से प्राप्त किए जा सकते हैं। तकनीकी बिड के साथ 1 लाख रुपये की अर्नेस्ट मनी बैंक ड्राफ्ट या एफडीआर के रूप में जमा करना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि टेंडर ओपनिंग कमेटी को निविदाएं स्वीकार या अस्वीकार करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।

24-25 फरवरी को मण्डी के इन क्षेत्रों में रहेगी बिजली बंद….

24 फरवरी को मझवाड़ क्षेत्र में बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

मण्डी : विद्युत अनुभाग मझवाड़ के अंतर्गत आने वाले घोड़ीधार, दुदर, निहालग किप्पर, मझवाड़, मड़धार तथा कोर्टमोर्स और आसपास के क्षेत्रों में 24 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह बंद विभाग द्वारा घोड़ीधार में 4 पोल स्ट्रक्चर स्थापित करने तथा 1.5 एमवी सोलर पावर प्रोजेक्ट से जोड़ने के कार्य के चलते किया जाएगा।

सहायक अभियन्ता, विद्युत उप मंडल न. 2, मंडी ई. सुनील शर्मा ने बताया कि कार्य पूर्ण होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01905-222958 पर संपर्क किया जा सकता है।

25 फरवरी को बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

सुंदरनगर: सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल सुंदरनगर ई. राजन गौर ने जानकारी दी कि विद्युत उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत अनुभाग महादेव में एचपीशिवा परियोजना के अंतर्गत जीओ स्विच की स्थापना एवं एचटी लाइन की सैगिंग तथा लाइनों के साथ लगे पेड़ों की कटाई-छंटाई कार्य किया जाना प्रस्तावित है।

इस कार्य के चलते बुधवार, 25 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक 22 केवी बैक महादेव फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों पलोहटा, सियांजी, द्रमण, अवाह, कुठाणी, सेरड, गंडोली, गोड़ीपधर, मजरोट सहित आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।

सहायक अभियंता ने बताया कि मौसम अथवा अन्य अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण कार्य कार्यक्रम में आवश्यक परिवर्तन संभव है। उन्होंने इस दौरान सभी विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

हमीरपुर: मस्याणा, बजूरी, दुलेहड़ा में 24 को 2 घंटे बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर : विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत नालटी फीडर की लाइन एवं उपकरणों की आवश्यक मरम्मत के कारण 24 फरवरी को गांव मस्याणा, बजूरी, दुलेहड़ा और साथ लगते अन्य गांवों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

विकास खंड हमीरपुर की 38 पंचायतों के वार्डों और बीडीसी के 17 वार्डों के परिसीमन के प्रारूपों पर आपत्तियां या सुझाव 27 तक

हमीरपुर : विकास खंड हमीरपुर की पंचायत समिति के 17 वार्डों और इनके अंतर्गत आने वाली 38 ग्राम पंचायतों के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप प्रकाशित कर दिए गए हैं।

इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए एसडीएम हमीरपुर एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीत सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों और पंचायत समिति के वार्डों के परिसीमन के प्रारूप पर अगर किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो या फिर वह अपना कोई सुझाव देना चाहता है तो इन्हें 27 फरवरी तक एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि परिसीमन के प्रारूप के अनुसार विकास खंड हमीरपुर में 38 ग्राम पंचायतें हैं। इन पंचायतों में अमरोह, ब्राहलड़ी, चंगर, धनेड़, धरोग, फरनोहल, जंगल रोपा, ललीण, नाल्टी, नेरी, रोपा, नारा, सेर बलौणी, गसोता, जटेहड़ी, छयोड़ी, अग्घार, नाहलवीं, साहनवीं, ताल, टिक्कर डिडवीं, उखली, चौकी कनकरी, पांडवीं, भगेटू, बफड़ीं, बलोह, चमनेड, डबरेड़ा, काले अंब, लंबलू, पंधेड़, स्वाहल, देई का नौण, कुठेड़ा, मझोग सुल्तानी, टिब्बी और ख्याह लोहाखरियां शामिल हैं। इन 38 ग्राम पंचायतों को पंचायत समिति के 17 वार्डों में बांटा गया है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार पंचायत समिति की कुल जनसंख्या 59,925 है।

शिमला: कुसुम्पटी बाजार सड़क 19 से 22 अगस्त तक यातायात के लिए बंद 

हमीरपुर : 10 मार्च तक बंद रहेंगी बड़सर उपमंडल की दो सड़कें

हमीरपुर : बड़सर उपमंडल के अंतर्गत दो सड़कों मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क और बणी-मटकर सड़क की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य के चलते इन सड़कों पर यातायात 10 मार्च तक बंद रहेगा।

इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन दोनों सड़कों की मरम्मत एवं अपग्रेडेशन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इन्हें अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त सड़कों पर वाहनों की आवाजाही 10 मार्च तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक मलहेड़ा-नैण-रप्पड़ सड़क के बजाय दरकोटी-झंजियानी सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। इसी प्रकार, बणी-मटकर सड़क के बजाय मैहरे-घोड़ी धबीरी सड़क को वैकल्पिक रूट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।

हमीरपुर: होली उत्सव की पहली शाम को जगमगा उठेगा सुजानपुर का आसमां

एक मार्च को टीहरा के किले से उड़ाई जाएंगी आकाशीय लालटेनें

3 मार्च की शाम को होगी ब्यास आरती का भी होगा आयोजन

हमीरपुर : राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 में इस बार कई नई गतिविधियां शामिल की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की आयोजन समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि उत्सव के उदघाटन अवसर पर पहली मार्च की शाम को टीहरा के ऐतिहासिक किले से उत्सव के आयोजन स्थल चौगान की ओर आकाशीय लालटेनें उड़ाई जाएंगी, जिससे सुजानपुर का आसमान इन आकाशीय लालटेनों की रोशनी से जगमगा उठेगा। उत्सव के उदघाटन अवसर पर यह एक बहुत ही शानदार दृश्य होगा। इस दौरान ऐतिहासिक किले के परिसर में दीप भी प्रज्जवलित किए जाएंगे।

उपायुक्त ने बताया कि 3 मार्च की शाम को साढे छह बजे ब्यास नदी के किनारे ब्यास आरती भी की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि होली उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए कई अन्य गतिविधियों की रूपरेखा भी तय की जा रही है।

हुम्म खड्ड से गाद और मलबा निकालने को चलेगा ज़िले का सबसे बड़ा ड्रेजिंग अभियान

बाथू-बाथड़ी क्षेत्र को बाढ़ के खतरे से मिलेगी राहत, डीसी जतिन लाल के मानसून से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश

ऊना: ऊना जिले के हरोली क्षेत्र में हुम्म खड्ड से गाद और मलबा हटाने के लिए व्यापक स्तर पर ड्रेजिंग अभियान चलाया जाएगा। आगामी मानसून से पूर्व इसे पूरा करने के उद्देश्य से युद्धस्तर पर शुरू किया जा रहा यह अभियान जिले का अब तक का सबसे बड़ा ड्रेजिंग कार्य माना जा रहा है।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह काम तय समयसीमा के भीतर और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ड्रेजिंग पूरी होने के बाद बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा काफी हद तक कम होगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र की इकाइयों को भी राहत मिलेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2023 की भीषण बाढ़ के बाद इस कार्य की योजना बनाई गई थी, लेकिन बाद में मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण इसे शुरू नहीं किया जा सका। अब उच्च न्यायालय के आदेश और सरकार से अनुमति मिलने के बाद इसे अमल में लाया जा रहा है।

कार्य को प्रभावी तरीके से अमलीजामा पहनाने के लिए उपायुक्त ने पहले ही अतिरिक्त उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और खनन अधिकारी की तीन सदस्यीय एक्शन कमेटी गठित कर दी है।

अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्र पाल गुर्जर ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार कमेटी ने कार्य को युद्धस्तर पर कराने को तत्परता से कदम उठाए हैं। बोली विजेता फर्म को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और न्यायालय के आदेशों तथा ड्रेजिंग के नियमों का पूरा पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। कमेटी यह सुनिश्चित करेगी कि कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संपन्न हो। इसे लेकर माइनिंग और पुलिस विभाग की टीमें कार्य की नियमित रूप से निगरानी करेंगी।

श्री गुर्जर ने बताया कि ड्रेजिंग कार्य के लिए आवश्यक विभिन्न अनुमतियां प्रदान की जा चुकी हैं । इनमें लगभग 5 एक्सकेवेटर और 30 टिप्परों की तैनाती की अनुमति भी दी गई है, लेकिन सभी मशीनों पर ‘ड्रेजिंग– हुम्म खड्ड’ अंकित करना अनिवार्य होगा,

ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। ढुलाई और काम को दिन-रात चलाने की अनुमति भी दी गई है ताकि यातायात व्यवस्था पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और कार्य मानसून से पहले पूरा किया जा सके।

सिरमौर में 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत..

नाहन:  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर के अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश जसवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में 14 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक अदालतों में पूर्व मुकदमेबाजी और लंबित मामले लिए जाएंगे। बैंक से संबंधित मामले, श्रम विवाद के मामले, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद के मामले लिए जायेंगे। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों के न्यायालय में इन श्रेणियों के लंबित मामले है, वह अपने मामले को लोक अदालत में लगवा सकते है।

उन्होंने बताया कि कोई इच्छुक व्यक्ति जिसका उपरोक्त श्रेणी में मामला कोर्ट में विचाराधीन नहीं है, यदि वह अपना मामला लोक अदालत में लगवाकर आपसी समझौते पर फैसला प्राप्त करना चाहता है तो वह आवेदन कर सकता है।

उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की निशुल्क कानूनी सहायता या सलाह के लिए प्राधिकरण के हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 15100, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सिरमौर के दूरभाष नंबर- 01702-224527 पर संपर्क कर सकता है।

उन्होंने बताया कि उपमंडलीय विधिक सेवा समिति नाहन 01702-224527, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति पांवटा साहिब 01702-222179, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति राजगढ़ 01799-221377 तथा उपमंडलीय विधिक सेवा समिति शिलाई 01704-292531 पर संपर्क कर सकते है। इसके अतिरिक्त कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सिरमौर की ईमेल secy-dlsa-sir-hp@gov.in पर भेज सकता है। यदि कोई व्यक्ति अपनी समस्या ऑनलाइन भेजना चाहता है तो वह राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण NALSA (https://nalsa.gov.in/) की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशों पर हिमाचल प्रदेश के सभी जिला न्यायालय व अधीनस्थ न्यायालय में 14 मार्च, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए 01702-224749 पर भी संपर्क किया जा सकता है अथवा अपने अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। मोटर व्हीकल चालान के मामलों को ऑनलाइन ईपे कोर्ट डिजिटल पेमेंट के माध्यम से व न्यायालय में आकर लोक अदालत से पूर्व भी निपटाया जा सकता है।

“भाजपा को ‘हिमाचल विद्रोही’ कहना मंत्री की बौखलाहट- बयान बताते हैं उन्होंने मानसिक संतुलन खो दिया है” : राकेश जमवाल

शिमला: भाजपा मुख्यप्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को “हिमाचल विद्रोही” कहना उनकी बौखलाहट और असंयमित भाषा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि मंत्री जी के हालिया वक्तव्यों से प्रतीत होता है कि वे मानसिक संतुलन खो चुके हैं और समय-समय पर इसी प्रकार की आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते रहते हैं। उन्होंने सलाह दी कि मंत्री विपक्ष की चिंता छोड़कर सरकार चलाने और जनता की सेवा पर ध्यान दें।

जमवाल ने कहा कि राजस्व घाटा अनुदान (RDG) के विषय पर सदन में तीन दिन विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपना पक्ष रखा और यह पूरा रिकॉर्ड का हिस्सा है। भाजपा ने कभी यह नहीं कहा कि ग्रांट बंद होनी चाहिए थी, बल्कि प्रश्न यह है कि यह बंद क्यों हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार वित्त आयोग के सामने अपना पक्ष प्रभावी ढंग से रखने में विफल रही और उसी का परिणाम यह स्थिति बनी।

उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग ने पहले ही ग्रांट में चरणबद्ध कमी का संकेत दिया था, लेकिन राज्य सरकार ने न तो खर्चों में कटौती की और न ही आय बढ़ाने की ठोस योजना बनाई। इसके विपरीत सरकार ने सीपीएस नियुक्तियां, चेयरमैन-वाइस चेयरमैन, सलाहकार, ओएसडी और अतिरिक्त विधि अधिकारियों की नियुक्तियां कर खर्चों का बोझ बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सरकार मित्रों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है और अपनी नाकामियों का ठीकरा भाजपा पर फोड़ना चाहती है।

राकेश जमवाल ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल की सहायता कर रही है और हाल ही में आपदा राहत के लिए लगभग ₹286 करोड़ की राशि भी जारी की गई है, लेकिन राज्य सरकार इसका आभार मानने के बजाय केंद्र पर ही आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में प्रदेश का कर्ज 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और इसके बावजूद सरकार 2027 तक आत्मनिर्भर हिमाचल के दावे कर रही है, जो उसके बयानों के स्पष्ट विरोधाभास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदन में भी मुख्यमंत्री से पूछा कि बढ़ते कर्ज के बावजूद आत्मनिर्भरता कैसे संभव होगी, लेकिन सरकार स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। जमवाल ने आरोप लगाया कि मंत्रियों को अभद्र भाषा के लिए खुली छूट दी गई है, जिसके कारण सार्वजनिक मंचों पर भी इस प्रकार की टिप्पणियां हो रही हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और सरकार को चाहिए कि वह विपक्ष पर अनर्गल आरोप लगाने के बजाय अपनी नीतियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार करे।