शिमला: प्रदेश महिला कांग्रेस ने आज भाजपा के पूर्व मंत्री विधायक विक्रम ठाकुर के खिलाफ न्यू शिमला स्थित महिला पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल की अध्यक्षता में शांता राजटा,शशि ठाकुर,कविता कवंर,बृंदा सिंह,सत्या,उमा वर्मा,उमा मुदियाल, कृष्णा,बबली,हीरा दासी,नेहा,उर्मिला,कुसम ने इस शिकायत में भाजपा नेता के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर एक महिला को अपमानित करने व अभद्र भाषा बोलने के लिये कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
बाद में महिला कांग्रेस का यह प्रतिनिधिमंडल शिमला जिला उपायुक्त से भी उनके कार्यालय में मिला और इस संदर्भ में एक ज्ञापन सौंपा।
वहीं शिमला में मंगलवार देर शाम को युवा कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर पूर्व मंत्री विक्रम ठाकुर का पूतला जलाया।
प्रदेश कांग्रेस सचिव बलदेव ठाकुर और वेद प्रकाश ठाकुर ने आज प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू से भेंट कर भाजपा के पूर्व मंत्री विधायक विक्रम ठाकुर के खिलाफ एक शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत पत्र में उनकी एक सभा में मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर पर की गई अभद्र भाषा टिप्पणी पर रोष व्यक्त करते हुए विक्रम ठाकुर के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया हैं कि भाजपा नेता की अगवाई में हो रहें एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के खिलाफ जिस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया वह समाज में विशेष तौर पर एक महिला का घोर अपमान हैं जो कभी सहन नही किया जा सकता। उन्होंने इस मामले में तुरंत कार्यवाही करने व उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की हैं।
प्रदेश सचिव बलदेव ठाकुर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने इस मामले को लेकर जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।