वीरभद्र सिंह का रोहड़ू के लोगों से विशेष प्रेम व स्नेह था, यही वजह रही है कि रोहड़ू निर्वाचन क्षेत्र हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है और आगे भी रहेगा : प्रतिभा सिंह

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस बढ़ती महंगाई बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा है कि विकास के नाम पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में भाजपा की सत्ता से विदाई तय है। प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी यह पूरी तरह तय है।

आज रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के चिड़गाव में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों व तानाशाही निर्णयों ने आज देश प्रदेश को गंभीर संकट में डाल दिया है। लोग बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है। भाजपा इस पर कभी कोई बात नहीं करती।

 प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा हमेशा ही क्षेत्रवाद की राजनीति करते हुए लोगों को धर्म व क्षेत्र में बांट कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने सेब बागवानों की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया है। किसानों बागवानों की इस सरकार ने कोई सुध नहीं ली। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह हमेशा हमारे प्रेरणास्त्रोत रहेंगे। उन्होंने कहा भले ही अब वीरभद्र सिंह हमारे बीच नहीं है पर उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। प्रदेश के नव निर्माण में वीरभद्र सिंह को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह का रोहड़ू के लोगों से विशेष प्रेम व स्नेह था। रोहड़ू के लोग भी उन्हें बहुत प्यार करते थे। यही वजह रही है कि रोहड़ू निर्वाचन क्षेत्र हमेशा से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है और आगे भी रहेगा। इसके लिए वह लोगों के सदैव आभारी रहेंगे।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक नहीं हुआ इसे बेचा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा व अन्याय हुआ है जो कभी सहन नहीं किया जा सकता। 

प्रतिभा सिंह पार्टी प्रत्याशी मोहन लाल ब्राक्टा को फिर से भारी बहुमत से जीताने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार बनने पर ब्राक्टा की वरिष्ठता का पूरा ख्याल रखा जएगा।

 प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में पिछले पूरे पांच वर्षों में रोहड़ू विधान सभा क्षेत्र की पूरी उपेक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समय में शुरु किये गये थे वो सब आज भी वहीं पर रुके हुए हैं। मुख्यमंत्री कई बार रोहड़ू दौरे पर आए और विकास के नाम पर झूठी घोषणाएं कर पूर्व कांग्रेस सरकार के समय की योजनाओं का भूमि पूजन करने की नई परम्परा चलाकर जनता को गुमराह करते रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में इस क्षेत्र का चंहुमुखी विकास  वीरभद्र सिंह की देन है और आज रोहड़ू विधास सभा क्षेत्र हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र के अधिकतर शिक्षण संस्थानों में स्टाफ का भारी अभाव हैं स्वास्थ्य केन्द्रों में डाक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ के अनेकों पद रिक्त चल रहे हैं।लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस क्षेत्र में इन समस्याओं से निजात दिलाई जाएगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed