प्रतिभा सिंह बोलीं-प्रदेश के युवा रिवाज नहीं सरकार बदलेगें

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश के युवा रिवाज नहीं सरकार बदलेगें। लोग अब भाजपा के किसी भी झांसे में आने वाले नहीं। भाजपा अब देश को ज्यादा दिनों तक गुमराह नहीं कर सकती। 

प्रतिभा सिंह ने भाजपा पर सरकारी तंत्र का दुरपयोग करने,अधिकारियों पर दबाव बना कर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को अपनी सभाओं में जबरन बुलाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि अब जयराम सरकार को कुछ हासिल होने वाला नहीं। प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी।

प्रतिभा सिंह ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि मण्डी में युवा संकल्प विजय रैली पर भाजपा ने सरकारी तंत्र का खुल कर  दुरुपयोग करते हुए सरकारी पैसा पानी की तरह  बहाया। प्रदेश 70 हजार करोड़ से अधिक कर्ज में डूब गया है और प्रदेश की जयराम सरकार अपनी चुनावी रैलियों में सरकारी तंत्र व पैसे का खुल कर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार देश मे महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है उसकी कोई भी चिंता भाजपा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है,इस पर इसके नेताओं की जुबान पूरी तरह बंद पड़ी है। 

प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की चुनौती स्वीकार करते हुए कहा है आने वाले समय में कांग्रेस इससे भी बड़ी रैलियों का आयोजन करेगी। कांग्रेस के पास जन बल है और यह प्रदेश में हुए चार उप चुनावों ने साबित कर दिया है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed