कुल्लू: मुख्यमंत्री ने आनी क्षेत्र के लिए 44.70 करोड़ रुपये की छह विकासात्मक परियोजनाओं के किये शिलान्यास

 प्रदेश में महिला उत्थान को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध हो रही राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएंः जय राम ठाकुर

कुल्लू:मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कुल्लू जिला के आनी विधानसभा क्षेत्र के आनी में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व के 75 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विकासात्मक जरूरतों, परम्पराओं और जीवनशैली के मामले में आनी क्षेत्र उनके अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के समकक्ष है और इस क्षेत्र के प्रति उनका विशेष लगाव है। वर्तमान राज्य सरकार विभिन्न कारणों से वंचित रहे क्षेत्रों के विकास को उच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बस किराये मेें छूट राजनैतिक निर्णय नहीं है बल्कि महिला सशक्तिकरण को और सुदृढ़ करने के हमारे संकल्प को आगे बढ़ाने का एक प्रभावी कदम है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्रदेश में महिला उत्थान को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस योजना पर प्रतिवर्ष 60 करोड़ रुपये व्यय करेगी और इससे परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन यात्रा करने वाली अनुमानित 1.25 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार का मिशन रिपीट सुनिश्चित करने के लिए आनीवासियों से भरपूर समर्थन की अपील भी की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, गोवा और अन्य राज्यों में भाजपा का मिशन रिपीट कामयाब रहा है और अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। इससे प्रदेश में विकास की तेज रफ्तार भी बरकरार रहेगी। आनी विधानसभा क्षेत्र के चहंुमुखी विकास का आश्वासन देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक अस्पताल आनी के निर्माण पर 66 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस भवन का कार्य पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के दूरदराज गांवों के लोगों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निरमंड में एसडीएम कार्यालय खोला गया है।
इससे पहले जय राम ठाकुर ने 44.70 करोड़ रुपये की छह विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें नित्थर में संयुक्त कार्यालय परिसर पर 9.22 करोड़ रुपये, पीएमजीएसवाई के तहत दमेहली-निशानी अरसू सड़क के उन्नयन पर 9.47 करोड़ रुपये, नित्थर-डमाह सड़क 7.32 करोड़ रुपये, निशानी-पाली प्रांतला सड़क पर 12.70 करोड़ रुपये और बाजीर बाउड़ी-थाचवा सड़क के उन्नयन पर 5.79 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने आनी में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रेस क्लब भवन की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री ने पौने पांच वर्षों के दौरान आनी विधानसभा क्षेत्र में शुरू किए गए विकासात्मक कार्यों पर आधारित एक पुस्तिका का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए स्थानीय विधायक किशोरी लाल सागर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में आनी विकास के मामले में एक आदर्श निर्वाचन क्षेत्र के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि निरमंड में एसडीएम कार्यालय खोलकर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी की है। उन्होंने कहा कि पौने पांच वर्षों के दौरान क्षेत्र के कई दुर्गम गांवों को सड़कों से जोड़ा गया है और कई स्कूलों को स्तरोन्नत किया गया है। विधायक ने क्षेत्र की कई अन्य मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन, क्षेत्र के प्रमुख भाजपा नेता और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed