कुल्लू: जंगल की आग की चपेट में आया मकान जला, जिंदा जली गाय

कुल्लू: कुल्लू जिले केउपमंडल बंजार की सरची पंचायत के बांदल गांव में जंगल की आग की चपेट में ढाई मंजिला स्लेटपोश मकान आ गया। इससे दो भाइयों का संयुक्त 18 कमरों का मकान जलकर राख हो गया और एक गाय भी जिंदा जल गई। गांव में गुरुवार देर रात लगभग डेढ़ बजे मकान में आग लगी। उस समय परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल में सोये हुए थे। अग्निकांड में 20 लाख का नुकसान हुआ है।

इस अग्निकांड में परिवार का सोना-चांदी समेत जीवन भर की जमापूंजी राख हो गई है। ग्रामीणों ने अग्निकांड की सूचना पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी, लेकिन बंजार से गांव दूर होने के कारण वाहन समय रहते नहीं पहुंच पाया। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि गुशैणी की सरची पंचायत में आग लगने की सूचना मिली थी। स्थानीय प्रशासन व पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसमें राजस्व विभाग से पटवारी विजय कुमार ने नुकसान का आकलन किया है। इसमें 20 लाख का नुकसान हुआ। इसकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत राशि भी प्रदान की। शरची पंचायत प्रधान रामेश्वरी ठाकुर व वार्ड सदस्य सतीश शर्मा भी मौके पर पहुंचे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed