हिमाचल विधानसभा बजट सत्र का चौथा दिन…  

हिमाचल प्रदेश के 32 लोग दो विमानों से दिल्ली पहुंच रहे हैं : सीएम

हिमाचल: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यूक्रेन में फंसे लोगों के बारे में विधानसभा सदन में वक्तव्य दिया कि रविवार को हिमाचल प्रदेश के 32 लोग दो विमानों से दिल्ली पहुंच रहे हैं। सीएम ने कहा कि उन्हें यूक्रेन में राज्य के नागरिकों के फंसने की चिंता है। विदेश मंत्री एस जयशंकर को उन्होंने खुद पत्र लिखा है। मुख्य सचिव ने भी विदेश सचिव से बात की है।  जयराम ने कहा कि यूक्रेन से पोलैंड, हंगरी आदि के रास्ते भारतीयों को निकाला जा रहा है। दिल्ली से हिमाचल लाने का खर्च प्रदेश सरकार वहन कर रही है। रविवार को दो विमान दिल्ली आ रहे हैं। एक में हिमाचल के 15 लोग तो दूसरे में 17 हैं। दिल्ली से हिमाचल प्रदेश लाने के लिए एचआरटीसी और पर्यटन निगम की बसों से व्यवस्था की जा रही है। आवासीय आयुक्त को यह जिम्मेदारी दी गई है। सबका आरटीपीसीआर टेस्ट करवाया जाएगा। जयराम बोले, वहां फंसे लोगों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।

 विधायक से कथित दुर्व्यवहार के लिए पुलिस उपनिरीक्षक को निलंबित

प्रदेश सरकार ने कांग्रेस के एक विधायक से कथित दुर्व्यवहार के लिए पुलिस उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को विधानसभा में यह जानकारी दी  कि प्रदेश सरकार ने कांग्रेस के एक विधायक से कथित दुर्व्यवहार के लिए पुलिस उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने सदन में बताया कि शिमला के पुराने बस अड्डे के नजदीक विक्टरी सुरंग के पास भीषण जाम की स्थिति थी और बन्याल यातायात प्रबंधन कर रहे थे। विधायक की शिकायत के अनुसार उपनिरीक्षक वाहन चालकों से दुर्व्यवहार कर रहा था जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई और इसके बाद उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि विशेषाधिकार नोटिस प्रधान सचिव, गृह और विधानसभा सचिव को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

तीन साल में फरवरी 2022 तक कुल 43 उद्योग हुए बंद 

हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जुब्बल-कोटखाई से कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने सवाल किया कि तीन साल में हिमाचल में कितने उद्योग बंद हुए? साथ ही ये भी पूछा था कि उद्योगों के बंद होने पर कितने लोगों का रोजगार छिन गया?

इस पर उद्योग मंत्री की तरफ से आए लिखित जवाब में बताया गया कि तीन साल में फरवरी 2022 तक कुल 43 उद्योग बंद हुए। इस कारण 827 लोगों की नौकरी चली गई। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में वैश्विक महामारी के बाद मार्च 2020 में लॉकडाउन लगा था। उसके बाद कोरोना की पहली, दूसरी व तीसरी लहर में उद्योग जगत के सामने भी कई संकट आए। लेबर की समस्या और अन्य व्यवहारिक दिक्कतों के चलते उद्योग जगत को संकट का सामना करना पड़ा।

प्रदेश में तीन साल के अंतराल में 76 हजार 855 युवाओं को बेरोजगारी भत्ते का लाभ मिला

विधायक रोहित ठाकुर ने रोजगार से संबंधित बेरोजगारी भत्ते को लेकर भी प्रश्न किया।

उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने बताया कि हिमाचल ल प्रदेश में तीन साल के अंतराल में 76 हजार 855 युवाओं को बेरोजगारी भत्ते का लाभ मिला है।  उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी भत्ता योजना अप्रैल 2017 में अधिसूचित की गई थी। इस योजना में शारीरिक तौर पर अक्षम व्यक्ति को डेढ़ हजार प्रति माह और अन्य सभी श्रेणी के आवेदकों को एक हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाते हैं। वर्ष 2019-20 में इस योजना के तहत 29355, 2020-21 में 26414 और 2021 से फरवरी 2022 तक 21086 को बेरोजगारी भत्ता दिया गया।

भारी बर्फबारी के बावजूद सड़कें और बिजली सप्लाई रिकॉर्ड समय में बहाल की गई

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी से बंद सड़कें तुरंत बहाल की जा रही हैं। पहले कई दिन तक यह समस्या रहती थी। शिमला में सड़कें तीन-चार दिन तक बंद रहती थीं। हमारी सरकार ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया। इस बार भारी बर्फबारी के बावजूद सड़कें और बिजली सप्लाई रिकॉर्ड समय में बहाल की गई। कांग्रेस विधायक नंदलाल और विक्रमादित्य सिंह के सवाल पर मुख्यमंत्री ने सदन में यह जानकारी दी। कहा कि टिक्कर-खमाड़ी सड़क की केंद्र को दो डीपीआर भेजी है। मंजूरी मिलने तक इसकी राज्य के बजट से मरम्मत करवाई जाएगी। रामपुर क्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण सड़क है। इसे बहुत पहले ठीक होना चाहिए था। विधायक विक्रमादित्य ने इस मार्ग से बर्फ हटाने को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता की असमर्थता की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के गैरजिम्मेदार रवैये को जांचने का आश्वासन दिया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed