हिमाचल: हजारों कर्मचारियों को तोहफा ; दो साल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मी होंगे नियमित, दैनिक वेतनभोगियों और अंशकालिकों को भी राहत

हिमाचल:  प्रदेश सरकार ने राज्य के हजारों कर्मचारियों को नए साल से पहले बड़ी सौगात दे दी है। कर्मचारियों की संयुक्त सलाहकार समिति और सरकार के बीच हुई बैठक के बाद लिए गए फैसलों के अनुसार कार्मिक विभाग ने मंगलवार को अनुबंध कर्मचारियों के अलावा दैनिक वेतनभोगियों और अंशकालिक वर्करों को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार अनुबंध कर्मियों के नियमितीकरण के तीन साल के अनुबंध काल को घटाते हुए दो साल कर दिया गया है। साथ ही 30 सितंबर 2021 को दो साल का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबंध कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश जारी किया गया है।इन कर्मचारियों को नियमितीकरण के आदेश की तारीख से सभी तरह के लाभ मिलेंगे। इसके अलावा दैनिक वेतनभोगियों के वर्तमान नियमितीकरण के पांच साल के सेवाकाल को घटाते हुए चार साल कर दिया गया है।

साथ ही 30 सितंबर को चार साल पूरा करने वाले कर्मचारियों के नियमितीकरण को पात्रता माना जाएगा। वहीं, अंशकालिक वर्करों के लिए भी नई पॉलिसी लागू करते हुए उनके डेलीवेज वर्कर की अवधि को आठ साल से घटाकर सात साल कर दिया गया है। साथ ही 30 सितंबर को 7 साल का नियमित सेवाकाल पूरा करने वाले पार्ट टाइम वर्कर डेलीवेज वर्कर में तब्दील होने के लिए पात्र हो जाएंगे। पार्ट टाइम और अंशकालिक वर्करों को पदों की उपलब्धता के अनुसार नियमितीकरण का लाभ मिलेगा। साथ ही अंशकालिक बनने वाले पार्ट टाइम वर्करों के पदों को खत्म भी कर दिया जाएगा। 

उधर, हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी)में सेवाएं दे रहे पीसमील वर्कर (एचआरटीसी वर्कशॉप में कार्यरत) अनुबंध पर आएंगे। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। पांच साल सेवाएं देने के साथ डिप्लोमा और वर्कशाप मेें बिना डिप्लोमा छह साल के अनुभव वाले वर्करों को इसका फायदा होगा। अन्य छूटे वर्करों को 31 मार्च तक अनुबंध पर लाया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *