मेरा संकल्प जुब्बल-नावर-कोटखाई का चहुँमुखी विकास: रोहित ठाकुर

खड़ापत्थर में उमड़ा जनसमूह, रोहित ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

शिमला: उप-चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस पार्टी ने खड़ापत्थर में विशाल जनसभा का आयोजन किया। जनसभा में भारी जनसमूह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखा जा सकता था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व नैना देवी के विधायक रामलाल ठाकुर, शिलाई के विधायक हर्षवर्द्धन सिंह चौहान और कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने जनसभा को सम्बोधित किया। कुलदीप राठौर ने कहा कि हर एक कांग्रेस कार्यकर्ता रोहित ठाकुर के रूप में जुब्बल-नावर-कोटखाई के उप चुनाव का प्रत्याशी है। उन्होंने कहा कि बाग़वानी, सड़क, शिक्षा , स्वास्थ्य के क्षेत्र में रोहित ठाकुर ने अभूतपूर्व विकास किया है। राठौर ने कहा कि जुब्बल नावर कोटखाई ने मन बना लिया है और जनता 30 अक्टूबर को कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर रोहित ठाकुर को विधानसभा भेजेंगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक रामलाल ठाकुर और शिलाई के विधायक हर्षवर्द्धन सिंह चौहान ने रोहित ठाकुर को भारी मतों से जीताने का आग्रह किया। रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कांग्रेस को पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र ने सींचा है। उन्होंने कहा कि हमारा क्षेत्र सेब बहुलीय क्षेत्र है और जुब्बल-नावर-कोटखाई का सेब उत्पादन में 35% योगदान है। उन्होंने कहा कि सेब बाग़वानी में पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह की दूरगामी सोच और अथक प्रयासों से क्षेत्र को यह मुक़ाम हासिल हुआ है। रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बाग़वानी के ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए सड़कों को प्राथमिकता दी गई। 

उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों से जनता के बीच में हूँ और जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त है। रोहित ठाकुर ने कहा कि उप-चुनाव जिला शिमला की दशा और दिशा को तय करेगा। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई का चहुमुंखी विकास ही उनकी प्राथमिकता है। रोहित ठाकुर ने जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता से 30 अक्टूबर को कांग्रेस के पक्ष में मतदान और आशीर्वाद देने की करबद्ध अपील की। उन्होंने कहा की उप-चुनाव हर एक कांग्रेस कार्यकर्ता का चुनाव है। रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की वे अगले दो दिन अपने बूथ पर घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी के लिए कार्य करें।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *