उपचुनाव: हिमाचल में भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार, प्रत्याशियों के नाम एलान होने के बाद राजनीति गलियारों में इतनी हलचल क्यों…?
उपचुनाव: हिमाचल में भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार, प्रत्याशियों के नाम एलान होने के बाद राजनीति गलियारों में इतनी हलचल क्यों…?
हिमाचल: प्रदेश की मण्डी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस के बाद आज पहले नवरात्रि पर भाजपा ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। उपचुनाव की तीन सीटों पर भाजपा ने नये चेहरों पर अपना विश्वास जताया है। भाजपा ने मण्डी लोकसभा सीट से ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर, अर्की से रत्न सिंह पाल और फतेहपुर से भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष बलदेव ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है।
टिकट आवंटन को लेकर सबसे चौंकाने वाला फैसला जुब्बल-कोटखाई से आया है जिसके चलते राजनीति गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन से खाली हुई इस सीट पर उनके बेटे चेतन बरागटा टिकट मिलने के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। लेकिन भाजपा ने जुब्बल-कोटखाई विस सीट पर महिला नेत्री नीलम सरकैक को प्रत्याशी बनाया है। जुब्बल-कोटखाई से चेतन बरागटा को टिकट मिलना तय था तथा पिछले कई दिनों से वह अपने समर्थकों के साथ पूरे विधानसभा क्षेत्र में दौरा कर रहे थे। इतना ही नहीं, जुब्बल-कोटखाई के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित कई मंत्री भी चेतन बरागटा के पक्ष में प्रचार में जुटे हुए थे। लेकिन भाजपा आलाकमान ने चेतना बरागटा की जगह महिला नेत्री नीलम सरकैक पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
नीलम सरकैक जुब्बल-कोटखाई से तीन बार जिला परिषद सदस्य रही हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की टिकट का दावा किया था। उस वक्त पार्टी हाईकमान के कहने पर उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था। लेकिन इस बार हाईकमान ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें मैदान में उतारने का फैसला लिया है। चेतना बरागटा को टिकट न मिलने से प्रदेश में कई कयास और चर्चाओं का दौर शुरू गया है।
वहीं कांग्रेस हाईकमान ने बीते मंगलवार को मण्डी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया था। जिसमें मण्डी से प्रतिभा वीरभद्र सिंह, अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर से भवानी सिंह को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
प्रत्याशियों के नामों का एलान के बाद मण्डी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस में मुकाबला कड़ा माना जा रहा है।