10 जुलाई को रामपुर में होगा हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अंतिम संस्कार

  • पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर

  • PM मोदी ने पूर्व CM वीरभद्र सिंह के निधन पर जताया शोक, कहा- ‘हिमाचल प्रदेश की जनता को समर्पित किया पूरा जीवन’

  • नड्डा बोले: भले ही राजनीतिक रूप से हम अलग-अलग थे, लेकिन परस्पर रूप से हमने एक-दूसरे को अत्यंत सम्मान से रखा

  • वीरभद्र जी की यादों को संजोए रखने की व प्रदेश के हित में उनके योगदानों को याद रखने आवश्यकता: अनुराग ठाकुर

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। आज सुबह से ही हॉली लॉज में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं,आम लोगों व उनके समर्थकों का नम आंखों के साथ उनके अंतिम दर्शनों के लिए तांता लग गया,जो आज पूरे दिन जारी रहा।

प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने हॉली लॉज जाकर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए व शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदना प्रकट की।

श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालो में कांग्रेस नेता ही नही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित भाजपा के अनेक नेताओं प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हॉली लॉज जाकर वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर पर अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनकी पत्नी पूर्व सासंद प्रतिभा सिंह,उनके पुत्र विधायक विक्रमादित्य सिंह से मिल कर शोक प्रकट किया।

वीरभद्र सिंह के पार्थिव शरीर को कल 9 जुलाई को सुबह 9.30 बजे से रिज मैदान पर जनता के लिये अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा।

उसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में 11.40 से दोपहर 1 बजे तक पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा दिवंगत नेता को पार्टी की ओर से श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे।

दोपहर 1 बजे पार्थिव शरीर रामपुर बुशहर के लिए प्रस्थान करेगा और 6 बजे उनके महल पदम पैलेस में आम लोगों के दर्शनों हेतु रखा जाएगा।

10 जुलाई को 3 बजे रामपुर में सतलुज किनारे पूरे राजकीय सम्मान के साथ वीरभद्र सिंह को अंतिम विदाई दी जाएगी।

  • PM मोदी ने पूर्व CM वीरभद्र सिंह के निधन पर जताया शोक, कहा- ‘हिमाचल प्रदेश की जनता को समर्पित किया पूरा जीवन’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता वीरभद्र सिंह की मौत पर दुख जताया।उन्होंने ट्वीट कर लिखा ‘वीरभद्र सिंह का लंबा राजनीतिक जीवन था, उनके पास समृद्ध प्रशासनिक और विधायी अनुभव था. उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हमेशा से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और राज्य के लोगों की सेवा की। पीएम ने कहा कि वह उनके निधन से दुखी हैं। साथ ही उन्होंने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना जताई।

  • नड्डा बोले: भले ही राजनीतिक रूप से हम अलग-अलग थे, लेकिन परस्पर रूप से हमने एक-दूसरे को अत्यंत सम्मान से रखा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा एक करिश्माई और दूरदर्शी नेता श्री वीरभद्र सिंह जी के निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ, जिनकी प्रशंसा सभी पार्टीयों द्वारा की गई थी।
भले ही राजनीतिक रूप से हम अलग-अलग थे लेकिन परस्पर रूप से हमने एक-दूसरे को अत्यंत सम्मान से रखा।
हिमाचल प्रदेश ने एक महान नेता खो दिया है और मैंने एक अच्छा दोस्त खो दिया है। उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।

  • वीरभद्र जी की यादों को संजोए रखने की व प्रदेश के हित में उनके योगदानों को याद रखने आवश्यकता: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण ,खेल व युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री  वीरभद्र सिंह के निधन पर दुःख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

“कांग्रेस के वरिष्ठ नेता,हिमाचल के 6 बार मुख्यमंत्री रहे व देवभूमि के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री वीरभद्र सिंह जी का निधन पूरे प्रदेश के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनके देवलोकगमन से देवभूमि में एक ऐसी रिक्तता आई है, जिसकी भरपाई असम्भव है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिवार व प्रियजनों को धीरज रखने के साथ साथ श्री वीरभद्र जी की यादों को संजोए रखने की व प्रदेश के हित में उनके योगदानों को याद रखने आवश्यकता है।
प्रभु शोकाकुल परिवार व समर्थकों को सम्बल दे ,यह दुःख सहन करने की शक्ति दे एवं पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे यही कामना है

ॐ शान्ति

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *