विधायक की पत्नी ने लगाये मारपीट के साथ कई गंभीर आरोप, तो विधायक ने रखा अपना पक्ष
विधायक की पत्नी ने लगाये मारपीट के साथ कई गंभीर आरोप, तो विधायक ने रखा अपना पक्ष
कांगड़ा: जिला कांगड़ा के धर्मशाला के भाजपा विधायक विशाल नैहरिया पर उनकी पत्नी ओशिन ने बीते दिन मारपीट के साथ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक विशाल की पत्नी ओशिन ने बाकायदा सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने अपने पति विशाल नेहरिया पर मारपीट और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं वीडियो में ओशीन नेहरिया पर कई आरोप लगा रही हैं। विधायक विशाल नैहरिया के खिलाफ उनकी एचएएस पत्नी ने बीते दिन मारपीट के आरोप लगाकर पुलिस से सुरक्षा मांगी थी।
विधायक विशाल नैहरिया ने पत्नी की ओर से उनपर लगाए गए मारपीट के आरोपों पर सफाई दी है। आरोपों के दूसरे दिन शनिवार को नैहरिया ने पुलिस के बजाय सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया है। अपने सोशल मीडिया ग्रुप पर नैहरिया ने कहा कि उन्होंने एसपी कांगड़ा के समक्ष अपना पक्ष रखा है। बयान में नैहरिया ने आरोप जड़ा कि उनकी पत्नी उनके परिवार पर कई तरह के मानसिक दबाव डाल रही है। इस पर उन्हें समझाने की भी कोशिश की, लेकिन उन्होंने घर की बात को घर पर रखना उचित नहीं समझा। वहीं, एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने कहा है कि पुलिस ने अभी तक किसी को नहीं बुलाया है।
बता दें कि 26 अप्रैल को ही विशाल नैहरिया ने एचएएस अधिकारी ओशिन शर्मा के साथ सात फेरे लिए थे। दोनों एक दूसरे को कॉलेज के समय से जानते थे। एचएएस अधिकारी ओशिन शर्मा शाहपुर के साथ लगते क्षेत्र रैत की रहने वाली हैं।
इस मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। विधायक की पत्नी ने लिखित रूप में शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस जवाब देगी कि अब तक मामला दर्ज क्यों नहीं हुआ। सरकार मामले को दबाने या छिपाने के लिए किसी तरह का कोई प्रयास नहीं करेगी। पुलिस अपना काम करेगी।
वहीं एचएएस अफसर पत्नी से मारपीट के आरोपों में घिरे धर्मशाला से भाजपा विधायक विशाल नैहरिया के मामले में राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एसपी कांगड़ा से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की है। महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने कहा कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं आई, लेकिन आयोग इस मामले पर नजर रखे हुए है।