पिता की बंदूक को लेकर हुई बहस, छोटे ने बड़े भाई की गोली मारकर कर दी हत्या

कांगड़ा: पुलिस थाना गग्गल के अंतर्गत भाई ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के आरोपी को पुलिस ने धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार देर रात बंदूक को लेकर हुई बहस के बीच छोटे ने बड़े भाई और भाभी पर गोली चला दी। गोली लगने से बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि महिला टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। गगल थाने के तहत केटलू (अंबाड़ी) गांव में यह वारदात मंगलवार रात को हुई। पवन कुमार चौधरी (45) पुत्र पाला राम निवासी केटलू ने अपने बड़े भाई रूमी कुमार (58) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में भाभी पुष्पा देवी भी छर्रे लगने से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

गगल पुलिस थाना प्रभारी मेहर दीन ने बताया दोनों भाइयों में अकसर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार रात को भी आरोपी पवन कुमार अपने भाई रूमी के घर आया और किसी बात पर गालीगलौज करने लगा। दोनों में पिता की ओर से खरीदी गई बंदूक को लेकर बहस हो गई। पिता की मृत्यु के बाद बंदूक रूमी कुमार के नाम पर है। आरोपी ने कहा कि पिता की बंदूक पर उसका भी हक है। काफी बहस के बाद वह उनके घर में चला गया।

थोड़ी देर बाद चुपके से बंदूक ले गया। रात को जब उसका भाई रूमी और उसकी पत्नी पुष्पा बाहर आंगन में खड़े थे। इस बीच आरोपी पवन कुमार ने आंगन में खड़े होकर भाई पर गोली चला दी। घायलावस्था में दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां डॉक्टरों ने रूमी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला को भर्ती कर लिया गया। महिला की हालत अभी स्थिर है। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *