राठौर ने जेई इलैक्ट्रिकल के 222 पदों की भर्ती में 47 बाहरी लोगों की नियुक्ति पर उठाए सवाल

शिमला: कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सरकारी नौकरियों में प्रदेश के बाहरी लोगों की नियुक्तियों पर हैरानी जताते हुए इसे प्रदेश में बेरोजगारों के साथ एक बहुत बड़ा अन्याय बताया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इसे कभी भी किसी भी स्तर पर सहन नही करेगी, और इसके खिलाफ जनांदोलन करेगी।
राठौर ने जेई इलैक्ट्रिकल के 222 पदों की भर्ती में 47 बाहरी लोगों की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की कार्यप्रणाली पर भी संदेह व्यक्त किया है।उन्होंने कहा है कि बाहरी राज्यों के लोगों के चयन में किसी बड़े फर्जीबाड़े से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
राठौर ने इस पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इन 47 पदों पर प्रदेश के बेरोजगारों को ही देने को कहा है।उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पिछले दिनों सचिवालय में हुई बाहरी लोगों की नियुक्तियों के संदर्भ में कहा था कि सरकार आगे से तृतीय श्रेणी के सभी पदों को प्रदेश के बेरोजगारों से ही भरेगी,पर ऐसा  नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के हितों से खिलवाड़ कर रही है, जिसे कभी सहन नहीं  किया जा सकता। उन्होंने कहा है कि सरकार की कथनी और करनी में बहुत ही अंतर है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है।सरकार अपने कुछ चहेतों को चोर दरवाजे से सरकारी नौकरियों में रख रही है।सभी कायदे कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश की पूरी स्थिति पर अपनी नज़र रखें हुए है, और इसके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन करेगी।
राठौर ने प्रदेश में एसएमसी अध्यापकों के साथ हो रहें अन्याय पर भी रोष व्यक्त करते हुए प्रेदश सरकार से इनकी सेवाओं को स्थाई करने के लिए कोई नीति बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यह अध्यापक पिछले 8 सालों से दूर दराज के स्कूलों में अपनी श्रेष्ट नियमित सेवाएं दे रहें है,इसलिए इन के भविष्य को देखते हुए मानवीय आधार पर इन्हें इनकी योग्यता के तहत स्थाई किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि पेट और पैरा टीचर्स की तरह इन्हें भी स्थाई किया जाना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *