हिमाचल: मनाली घूमने जा रही दिल्ली की छात्राओं की बस पलटी, एक की मौत, 41 घायल; मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने बस हादसे पर शोक किया व्यक्त

बिलासपुर: बिलासपुर के कुनाला में शुक्रवार सुबह बस पलटने से एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 36 छात्राओं सहित 41 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल दो छात्राओं को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। दो छात्राओं का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया है। बस में कमला नेहरू महाविद्यालय दिल्ली की 30 छात्राएं, जीजेस मेरी महाविद्यालय दिल्ली की 7 छात्राएं, 4 टूर आयोजक और 3 बस स्टाफ के सदस्य थे। छात्राएं मनाली घूमने जा रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिलासपुर शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर कुनाला में यह हादसा हुआ। बस पलटने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को जानकारी दी और खुद भी घायलों को जिला अस्पताल और एम्स पहुंचाया। जिला अस्पताल में एक छात्रा को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो छात्राओं को पीजीआई रेफर कर दिया गया। छात्राएं वीरवार शाम को दिल्ली से मनाली के लिए रवाना हुई थीं। मृतका की पहचान कुशांगी आर्य (20) पुत्री मनोज आर्य निवासी पार्क साइड अपार्टमेंट कृष्णा सरोवर नजदीक इस्कॉन मंदिर जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने बस हादसे पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बिलासपुर जिला के कुनाला में आज हुए निजी बस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में एक युवती की मृत्यु हुई है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावितों को तुरंत राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दुर्घटना में मृतक युवती के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।

उप-मुख्यमंत्री ने बस हादसे पर शोक व्यक्त किया

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बिलासपुर जिला के कुनाला में हुए निजी बस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
मुकेश अग्निहोत्री ने दुर्घटना में मृतक युवती के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed