हिमाचल: कुलदीप सिंह पठानिया बने विधानसभा अध्यक्ष

कुलदीप सिंह पठानिया अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधान सभा का जीवन परिचय 

कांगड़ा :हिमाचल: विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन चंबा जिले की भटियात सीट से विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को 14वीं विधानसभा का स्पीकर बनाया गया। आज सदन में 11:00 बजे के बाद तीन प्रस्ताव कुलदीप सिंह पठानिया को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के लिए रखे गए।इससे पहले सीएम सुखविंदर सुक्खू ने उनके नाम का प्रस्ताव सदन में रखा। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रस्ताव का समर्थन किया।  प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रोटेम स्पीकर ने उनके नाम की घोषणा की। पदभार संभालने के बाद स्पीकर कुलदीप पठानिया ने सभी विधायकों का धन्यवाद किया।

कुलदीप सिंह पठानिया का जन्म 17 सितंबर 1957 को गांव छलाड़ा, जिला  चंबा में हुआ है। बलदेव सिंह पठानिया के सपुत्र हैं। इन्होने अपनी आरम्भिक शिक्षा प्राथमिक पाठशाला सिहुँता से प्राप्त की है जबकि उच्च शिक्षा बी.एस.सी, लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ (यूपी) और एल.एल.बी. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से हासिल की है।  कुलदीप सिंह पठानिया का विवाह नीना पठानिया के साथ हुआ है। इनके एक पुत्र भी है।  पठानिया पेशे से अधिवक्ता एवं  कृषक हैं।

कुलदीप सिंह पठानिया जब कॉलेज में पढाई करने आये तो आपने NSUI छात्र संगठन को चुना और लगातार उसके सक्रिय सदस्य रहे।  पठानिया ने भट्टियात निर्वाचन क्षेत्र  के किसानों और मजदूरों को संगठित करवाकर उन्हें उनके वैध अधिकारों से अवगत करवाया। सामाजिक सद्भाव को बढ़ाने के कार्य में गहरी रूचि ली तथा  असमानता के खिलाफ खड़े रहे तथा गरीबों, असहायों व जरूरतमंदों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की।

कुलदीप सिंह पठानिया ने भारतीय राष्ट्रीय कॉग्रेस के अग्रिम संगठनों तथा प्रदेश स्तर के कई पदों पर कई वर्षों तक कार्य किये हैं । वे ब्लॉक युवा कॉग्रेस के कई वर्षों तक अध्यक्ष रहे तथा जिला  कांग्रेस कमेटी जिला चम्बा के  वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रहे हैं। पठानिया  कई वर्षों  से कॉग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता के पद पर कार्य कर रहे हैं। उनकी योग्यता, कार्यशैली , कार्यकुशलता के कारण वर्ष 1994 में Best Parliamentarian पुरस्कार से नवाजा गया है। पठानिया हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य भी रहे हैं। वर्ष 1985 में प्रथम बार कांग्रेस पार्टी के टिकट पर विधान सभा सदस्य के रूप मे निर्वाचित हुए तथा 1985 में छठी विधान सभा के सबसे युवा सदस्य रहे हैं। वहीं वे पुन: वर्ष 1993 और 2003 में विधान सभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं।

कई सार्वजनिक उपक्रमों, प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड तथा राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष भी रहे हैं ।

कुलदीप सिंह पठानिया अलग-अलग समय पर विधान सभा की विभिन्न समितियों के अध्यक्ष  तथा सदस्य भी रहे हैं।  वे  दिसंबर 2007 में चौथी बार हिमाचल प्रदेश  विधान सभा के लिए निर्वाचित हुए हैं जबकि अभी हाल ही में 8 दिसंबर, 2022 को  पांचवी बार हिमाचल प्रदेश विधान सभा के लिए निर्वाचित हुए हैं । कुलदीप सिंह पठानिया  आज यानि 5 जनवरी, 2023 को हिमाचल प्रदेश विधान सभा के सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गये।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed