भाजपा सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे कर रही लेकिन ये केवल जुमले बाजी : मल्लिकार्जुन खड़गे

प्रदेश भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुके हैं :मुख्यमंत्री भपेश बघेल

प्रदेश में कांग्रेस आ रही और भाजपा जा रही है : विक्रमादित्य सिंह

शिमला: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि उन्हें पार्टी के नौ हजार डेलीगेट ने चुन कर अध्यक्ष बनाया है। उनका चुनाव सबने देखा।उन्होंने कहा कि भाजपा में नड्डा को  दूसरी बार किसने अध्यक्ष चुना,यह किसी को पता नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लोकतंत्र है जबकि भाजपा में नॉमिनेशन से चुनाव होता है।

 कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार शिमला आये मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार अपने सभी वादों को पूरा करेगी। 

शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बनुटी में  पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते खरगे ने उन्हें भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य जीत रहें है यह तो तय है, पर उनकी जीत का अंतर भारी होना चाहिए।

 उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सदन के अंदर व बाहर इस बात का प्रचार करते रहें है कि 70 सालों में कांग्रेस ने देश में क्या किया। उन्होंने भाजपा से पूछा कि वह बताए कि हिमाचल सहित देश में आज जो सड़को का जाल बिछा है, अस्पताल स्कूल कॉलेज  बने हैं वह क्या केवल 8 सालों में ही बने। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले भाजपा ने हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। आज देश में 14 लाख  सरकारी विभागों में पद खाली  पड़े हैं। हिमाचल में 65 हजार पद खाली हैं। लेकिन इसमें भर्ती नहीं की जा रही है। नौजवान सड़कों पर हैं। देश की जीडीपी गिर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार का इस ओर कोई भी ध्यान नहीं है। भाजपा केवल जुमलेबाजी ही करती आई है। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस जो भी वादे करती है उन्हें वह पूरा करती है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने ओल्ड पेंशन बहाल करने महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की सहायता, 300  यूनिट बिजली मुफ्त देने, 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सबसे पहले कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन को बहाल किया जाएगा। उन्होंने पूर्व यूपीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि यूपीए सरकार ने हर व्यक्ति को खाने की व्यवस्था करने के लिए फ़ूड सेक्युरिटी कानून लाया। शिक्षा का अधिकार दिया। मनरेगा को लागू कर मजदूरों को रोजगार दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने के बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन ये केवल जुमले बाजी है।  भाजपा कुछ राज्यों के लोगों को गुमराह कर सकती है पर हिमाचल प्रदेश में पढ़े लिखे लोग हैं और वह इसके किसी भी झांसे में आने वाली नहीं हैं।

इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष  राजेश लिलोथिया, अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला,छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भपेश बघेल ने भी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। लोगों में कांग्रेस के प्रति उत्साह है। कांग्रेस की जनसभाओं में उमड़ती भीड़ से साफ है कि प्रदेश भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुके हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने जनसभा में आये सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के वीरभद्र मॉडल पर लोगों को मोहर लग चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस आ रही है और भाजपा जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed