शिमला: राजधानी शिमला में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकते समय कई कांग्रेसी खुद ही झुलस गए। उपायुक्त कायार्लय के बाहर बोतल से पुतले पर जैसे ही पेट्रोल उड़ेलना शुरू किया, एक कार्यकर्ता ने लाइटर से अचानक आग लगा दी। एकाएक उठी आग की लपटों की चपेट में करीब एक दर्जन कार्यकर्ता आ गए। जिसमें झुलसने वालों में दो महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि अपने नेताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने के बाद हिमाचल कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश भर में मोदी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और पुतले फूंकने का फैसला लिया था। जगह तंग होने के कारण आग फैलने के बाद अफरातफरी मची गई। घटना के तुरंत बाद घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल ले जाया गया।