हिमाचल चुनाव: राजनाथ बोले- जनता अपना मन बना चुकी, प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार मज़बूती से बनने जा रही है
हिमाचल चुनाव: राजनाथ बोले- जनता अपना मन बना चुकी, प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार मज़बूती से बनने जा रही है
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में आज दो चुनावी जनसभाओं ( बैजनाथ और बल्ह) को सम्बोधित किया। प्रदेश के कांगड़ा जिले के बैजनाथ में सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मेला ग्राउंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोग जयराम ठाकुर को लेकर इतना कह सकते हैं कि कुछ और ज्यादा विकास किया होता तो अच्छा होता। लेकिन कोई भी उन पर भ्रष्टाचार के लिए अंगुली नहीं उठा सकता। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस एक ऐसा जहाज है जिसका तेल अब खत्म हो चुका है। अब कोई भी पायलट आ जाए, उड़ान भरना तो दूर रनवे पर भी यह नहीं दौड़ पाएगा। यह बस अब एक डूबता हुआ जहाज है। प्रदेश की जनता अपना मन बना चुकी है और यहाँ पुनः भाजपा की सरकार मज़बूती से बनने जा रही है।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद मैं गृह मंत्री था. जरूरत पड़ी तो हमने पकिस्तान में घुस कर आतंकियों को मारा। वहीं अनुच्छेद 370 को समाप्त करने की बात हम जनसंघ के समय से कर रहे थे। लोगों ने देखा कि कैसे हमने इसे समाप्त कर दिया। इसके अलावा हमने नागरिकता कानून पास किया। हमने बोला था कि हमारी सरकार आएगी तो अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाएंगे और अब यह आपके सामने है।
उन्होंने कहा कि मैं दो बार भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष रहा हूं। आप से अपील करता हूं कि ऐसे शालीन और शिष्टाचार व्यक्ति को एक मौका और मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए एक-दो घंटे नहीं, दिन लग जाएंगे। भारत अब दूसरे देशों को हथियार देने वाला देश बन गया है। वर्तमान में आर्थिक स्थिति को लेकर देश पूरी दुनिया में पांचवें स्थान पर है।