हिमाचल विधानसभा चुनाव:-जेपी नड्डा ने जारी किया BJP का संकल्प पत्र…जानें क्या है बीजेपी का संकल्प

शिमला:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा  ने आज रविवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनाव हेतु भाजपा के संकल्प पत्र को जारी किया और कहा कि यह केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी है जो  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रदेश की जनता हिमाचल में रिवाज बदलेगी और फिर से पूरी ताकत के साथ यहाँ कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र महज घोषणा पत्र नहीं है बल्कि यह हिमाचल प्रदेश के विकास का हमारा रोडमैप है। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित पार्टी के सभी सांसद, राज्य सरकार के मंत्रीगण, पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

  नड्डा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र समाज में समानता लाने के लिए कटिबद्ध है। हम युवाओं और किसानों का सशक्तिकरण करेंगे और हॉर्टीकल्चर को बढ़ावा देंगे। राज्य में बनने वाली भाजपा सरकार सरकारी कर्मचारियों को न्याय दिलाएगी और धार्मिक पर्यटन को आगे बढ़ाएगी। हमने अपने संकल्प पत्र में 11 प्रतिबद्धताएं सूचीबद्ध की हैं और मिशन मोड में हम अगले पांच वर्षों में इसे पूरा करेंगे।

1. भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेगी। इसके लिए विशेषज्ञों की एक गठित की जायेगी और उनके रिपोर्ट के आधार पर यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड को लागू किया जाएगा।
2. भाजपा सरकार मुख्यमंत्री अन्नदाता सम्मान निधि की शुरुआत करेगी जिसके अंतर्गत छोटे किसानों को सालाना 3000 रूपये की राशि दी जाएगी जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत दिए जा रहे हैं 6000 रूपये के अतिरिक्त होगी। इससे हिमाचल प्रदेश के लगभग 9.83 लाख किसानों को लाभ होगा।
3. भाजपा सरकार चरणबद्ध तरीके से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए 8 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेगी। सरकारी नौकरियों और इकॉनोमिक जोन में ये रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।
4. भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि अगले 5 वर्षों में राज्य के सभी गाँवों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पक्की सड़कों यानी ऑल वेदर रोड से जोड़ा जाए। इस पर लगभग 5,000 करोड़ रुपये का खर्च आयेगा।
5. भाजपा सरकार शक्ति नाम का एक कार्यक्रम शुरू करेगी और 12000 रूपये का निवेश अगले 10 सालों में करेगी जिसके माध्यम से सभी प्रमुख मंदिरों के आसपास परिवहन और भौतिक बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा। इन मंदिरों को प्रमुख शहरों से हिम सर्किट के माध्यम से विशेष बसों द्वारा जोड़ा जाएगा।
6. भाजपा सरकार सेब पैकेजिंग सामग्री पर किसानों द्वारा जीएसटी भुगतान को 12% तक सीमित कर देगी। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जीएसटी लागत राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 1.70 लाख किसानों को फायदा होगा।
7. भाजपा सरकार राज्य में पांच नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेगी और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल क्लीनिक की संख्या दोगुनी करेगी। इसमें रेगुलर हेल्थ चेक-अप की भी सुविधा उपलब्ध होगी।
8. भाजपा सरकार 900 करोड़ रुपये के कोष के साथ स्टार्टअप योजना स्थापित करेगी जिससे युवाओं के रोजगार सृजन हेतु स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा।
9. भाजपा सरकार हुतात्मा सम्मान राशि योजना के अंतर्गत विभिन्न परिस्थितियों में शहीद हुए हुतात्मा सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी।
10. भाजपा सरकार कानून के अनुसार वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराएगी और ऐसी संपत्तियों के अवैध उपयोग की जांच करने के लिए न्यायिक आयोग गठित करेगी।
11. भाजपा सरकार द्वारा सरकारी कर्मचारियों के वेतन में विसंगतियों को दूर किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हमारा स्पष्ट मानना है कि जब तक मातृ सशक्तिकरण नहीं होता, तब तक परिवार का और आने वाली पीढ़ियों का सशक्तिकरण नहीं हो सकता। मातृ सशक्तिकरण के लिए  नरेन्द्र मोदी सरकार ने कई कार्य किया है। मैं प्रदेश की भाजपा इकाई को बधाई और साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने मातृ सशक्तिकरण के लिए अलग से एक संकल्प पत्र जारी करने का निर्णय लिया जिसे हमने स्त्री शक्ति संकल्प पत्र का नाम दिया है। इसमें भी हमने 11 संकल्प लिए हैं।

1. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार बीपीएल परिवारों की लड़कियों के लिए वित्तीय सहायता को मौजूदा 31,000 रुपये से 51,000 रुपये तक बढ़ाकर मुख्यमंत्री शगुन योजना का विस्तार करेगी।
2. भाजपा सरकार छठी से 12वीं कक्षा तक की स्कूल की छात्राओं को साइकिल और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को स्कूटी उपलब्ध कराएगी।
3. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार 500 करोड़ रुपए का एक विशेष कोष स्थापित करेगी जिसके माध्यम से महिला उद्यमियों हेतु होमस्टे स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रदेश की भाजपा सरकार महिला स्वयं सहायता समूह को दिए जाने वाले ऋणों की ऊपरी सीमा को बढ़ाकर उन्हें सशक्त बनाएगी और उन्हें दिए जाने वाले ऋण पर लगने वाले ब्याज दर को घटाकर 2% करेगी।
4. हिमाचल प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार मां और बच्चे के उचित स्वास्थ्य और देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए गर्भवती महिलाओं को 25000 रूपये की सहयोग राशि प्रदान करेगी।
5. भाजपा सरकार एक नई देवी अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से राज्य में गरीब परिवारों की महिलाओं को हर वर्ष तीन मुफ्त रसोई गैस सिलिंडर प्रदान करेगी।
6. हिमाचल प्रदेश में बनने वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार अटल पेंशन योजना में गरीब परिवारों की 30 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को सम्मिलित करेगी।
7. भाजपा सरकार सरकारी स्कूलों की 12वीं कक्षा में शीर्ष 5000 रैंक वाली छात्राओं को उनके स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान 2500 रुपये प्रति माह की छात्रवृत्ति राशि प्रदान करेगी।
8. भाजपा सरकार राज्य के ग्रामीण महिलाओं के लिए उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से उनके पशुधन हेतु गुणवत्तापूर्ण चारे की खरीद और वितरण को आसान बनाने के लिए एक प्रणाली स्थापित करेगी।
9. हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार सभी महिलाओं को ऐसी बीमारियों की जांच और इलाज के लिए जो वर्तमान में हिम केयर कार्ड में कवर नहीं है, उसे स्त्री शक्ति कार्ड के माध्यम से कवरेज प्रदान करेगी।
10. भारतीय जनता पार्टी सरकार राज्य के सभी 12 जिलों में से प्रत्येक में दो बालिका छात्रावासों का निर्माण करेगी जो कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली लड़कियों को समर्पित होगी।
11. भाजपा सरकार राज्य के सरकारी नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण भी सुनिश्चित करेगी।

 नड्डा ने कहा कि हमारे इरादे बुलंद हैं। हम प्रदेश को आगे ले जाना चाहते हैं। कांग्रेस का घोषणापत्र विजन लेस और वजन लैस है। कांग्रेस ने हमेशा ही हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। हिमाचल प्रदेश का विकास तभी हुआ है जब केंद्र में और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है। मुझे विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश की जनता पुनः भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी और राज्य में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed