प्रियंका गांधी बोलीं: – हिमाचल में 5 साल बाद सरकार बदलने की परंपरा अच्छी…

हिमाचल: प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक पार्टियाँ प्रचार को लेकर लगातार रैलियां कर रहीं हैं। जिसके चलते कांग्रेस ने आज मण्डी में रैली आयोजित की। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जोकि आज कल हिमाचल प्रदेश दौरे पर हैं। उन्होंने मण्डी के पड्डल मैदान में कांग्रेस में आज परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका गांधी बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने कहा कि इंदिरा गांधी का हिमाचल से प्रेम व स्नेह का रिश्ता था। गांव-गांव में मेरी दादी की बातें होती हैं। उनके गुजरने के बाद देश की राजनीति बदल गई। आज पैसे व मीडियाबाजी का बोलबाला है। इंदिरा गांधी और यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश बनाया। यहां समर्पण की परंपरा है। हिमाचल के लोगों में खुदारी है, परंपरा बनाई है उसे नहीं बदल सकते। जो पांच पांच साल वाली सरकार बदलने की परंपरा बनाई है वो बड़ी अच्छी है। आज की राजनीति में कई नेता ऐसे होते हैं, जो आपके सामने आकर कुछ बोल देते हैं, लेकिन उसका कोई मायना नहीं होता। और ये जो परंपरा आपने बनाई है ना, हर पांच साल सरकार बदले इससे नेता सीखता है। इससे नेता को पता होता है कि मेरे पास पांच साल है, या तो मैं करके दिखाऊं या फिर मुझे खदेड़ा जाएगा। और ये बहुत अच्छी परपंरा है। इसको मत बदलो नुकसान आपका ही होगा।

 प्रियंका ने कहा कि जब इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, तो बहुत सारे लोगों ने कहा कि पैसे की कमी की वजह से यह राज्य कैसे चलेगा? मगर इंदिरा गांधी जानती थीं कि राज्य को हिमाचल के लोग ही चलाएंगे और आज यह प्रदेश अपने लोगों की मेहनत के बूते आगे बढ़ रहा है। 

 प्रियंका ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा रोजगार चाहता है, लेकिन मोदी सरकार अग्निवीर योजना ले आई। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। जयराम सरकार नौकरियां देने में नाकाम रही। राज्य के सरकारी विभागों में 63 हजार पद खाली पड़े हैं।

रैली में प्रियंका से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोगों को संबोधित किया। दरअसल प्रियंका ने बघेल के जरिये हिमाचल के लोगों को यह यकीन दिलाने की कोशिश की कि कांग्रेस जो कहती है, उसे पूरा भी करती है।

रैली में हिमाचल कांग्रेस अध्‍यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई नेता पहुंचे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed