टिकट के लिए आवदेन करना युवा कांग्रेस का अधिकार : निगम भंडारी

शिमला: हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी के खिलाफ किन्नौर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। निगम भंडारी पर पार्टी विरोधी गतिविधियां करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, अब निगम भंडारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और उन्होंने कहा कि टिकट के लिए आवेदन करना युवा कांग्रेस का भी अधिकार है और उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जिस तरह के उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ता तक सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है और वह आवेदन भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि वे  5 सालों तक किन्नौर के लोगों के बीच रहे हैं और उनके सुख-दुख में उनके साथ खड़े हुए हैं। किन्नौर के लोगों के कहने पर ही उन्होंने आवेदन किया है। ऐसे में किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने उदयपुर में हुए चिंतन शिविर में यह बात कही थी कि युवाओं को विधानसभा चुनाव में आगे लाया जाएगा। जिसको देखते हुए हिमाचल में भी युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारियों ने टिकट के लिए आवेदन किया है।

निगम भंडारी ने कहा कि किन्नौर कांग्रेस द्वारा जो भी आरोप लगाए  जा रहे हैं, वह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व देख रहा है और वही उस पर निर्णय लेगा। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और किन्नौर की जनता भी जानती है कि क्या सही है और क्या गलत है।

 निगम भंडारी ने कहा कि विधायक जगत सिंह नेगी कांग्रेस परिवार के के वरिष्ठ सदस्य हैं, वे उनका आदर और सम्मान करते हैं। उन्हें कुछ गलत लग रहा है तो उसे नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे एक अनुशासित सिपाही की तरह काम कर रहे हैं और उनका मकसद कांग्रेस को सत्ता में लाना है। इसको लेकर एकजुट होकर कांग्रेस काम करेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed