हिमाचल: एसएस जोगटा ने आम आदमी पार्टी छोड़ फिर थामा कांग्रेस का हाथ

शिमला: अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता सुरजन सिंह जोगटा व उनके साथियों ने आज कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिह सांसद के समक्ष कांग्रेस पार्टी का हाथ थामा। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागगत किया। इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि जोगटा कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रहे हैं और कर्मचारियों में उनकी विशेष पहचान है।  उन्होंने कहा कि जोगटा पहले भी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे और आज उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी में घर वापसी की है। उन्होंने कहा कि इनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता देवेन्द्र बुशैहरी ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि जोगटा 2012 से से 2017 तक स्व.वीरभ्द्र सिंह की सरकार में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रहे। इन्होंने  वीरभद्र सिंह जी के आर्शीवाद से कर्मचारियों के हितों के लिए जो कार्य किया हैं वे सराहनीय रहे हैं। 

इस दौरान जोगटा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व को एक सशक्त नेतृत्व करार देते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी निरन्तर और अधिक मजबूत हो रही है और दूसरे दलों के नेता कांग्रेस पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने सदैव कर्मचारियों के हितों में कार्य किए है। 

जोगटा ने जयराम सरकार पर आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार राज्य के कर्मचारियों को देय भत्ते भी नहीं दे पा रही है जिससे कर्मचारी व पैंशनर वर्ग में सरकार के प्रति व्यापक रोष है। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस पार्टी को आने वाले विधान सभा चुनावों में सता में लाने के लिए सभी को साथ लेकर जनता के बीच वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी कार्यशैली का पर्दाफाश करेगें।

इस अवसर पर जोगटा के साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी पूनम शर्मा, पी सी शर्मा, रिकी कुकरेजा, मीरा ठाकुर, अजय कुमार, गीतांजलि व सेवानिवृत सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed