देश मे पहली बार अनाज पर जीएसटी लगा कर केंद्र ने देश को बढ़ती महंगाई में झोंक दिया : राठौर

कांग्रेस करेगी शिमला में 21 जुलाई को  ईडी के कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन 

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने  केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह राजनैतिक प्रतिशोध से उनके नेताओं पर झूठे मामलें बना कर उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रही है।

 शिमला में आज क पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए राठौर ने कहा कि भाजपा देश के ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिये विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। 

राठौर ने कहा कि कल कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी ने नेशनल हेरॉल्ड अखबार के कथित धन शोधन मामलें में पूछताछ के लिए बुलाया है,जबकि इसी मामलें में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से कई दिनों तक कई घण्टों पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि इसमे कोई भी धन शोधन नहीं हुआ है,ओर यह मामला पहले ही बंद कर दिया गया था।

राठौर ने आरोप लगाया कि आज भाजपा के शासनकाल में लोकतंत्र के साथ साथ  संवैधानिक संस्थाओं को भी कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। राज्यों की गैर भाजपा सरकारों को अस्थिर किया जा रहा है। देश में साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।

राठौर ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की अलोकतांत्रिक नीतियों व निर्णयों के विरोध में कल पूरे देश में प्रदेशों की राजधानियों समेत शिमला में 21 जुलाई को  ईडी के कार्यालय के समक्ष एक बड़ा धरना प्रदर्शन करेगी। इसके अतिरिक्त 22 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी।

राठौर ने कहा कि देश मे बढ़ रही विघटनकारी ताकतों के खिलाफ कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो पदयात्र करेगे।यह पदयात्र 148 दिनों की होगी जो 12 राज्यों व 2 केंद्र शासित राज्यों से होकर गुजरेगी।

कुलदीप राठौर ने देश मे आवश्यक वस्तुओं, दूध, दही, मक्खन, ब्रेड को जीएसटी के दायरे में लाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है। उन्होंने कहा कि देश मे पहली बार अनाज पर जीएसटी लगा कर केंद्र ने देश को बढ़ती महंगाई में झोंक दिया है। इससे सभी रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के मूल्यों में भारी बढ़ोतरी होगी।

राठौर ने कहा कि देश मे बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर सरकार ने अपनी आंखें मूंद रखी है।उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में बेरोजगारी 21 प्रतिशत से बढ़कर 42 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि देश मे  लगातार भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले गिरता जा रहा है,जो सरकार की बदहाल अर्थव्यवस्था को इंगित करता है।

राठौर ने प्रदेश में सेब बागवानों की दशा पर भी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि आज प्रदेश में 6 हजार करोड़ की सेब आर्थिकी खतरे में पड़ गई है।उन्होंने कहा कि न तो मुख्यमंत्री को इसकी कोई चिंता है और न ही बागवानी मंत्री को।

राठौर ने कहा की आज सेब की लागत बढ़ती जा रही है जबकि बाजार में उन्हें लागत भी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कार्टन के 15 प्रतिशत मूल्यों में बढ़ोतरी कर बागवानों के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तो बागवानों के बकाया का भुगतान ही कर रही है और न ही उन्हें कोई राहत दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेब बागवानों के साथ खड़ी है और उनके साथ किसी भी अन्याय को सहन नही करेंगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed