पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के 89वें जन्मदिन पर आज प्रदेश भर में उन्हें याद कर दी भाव पूर्ण श्रदांजलि

पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों ने नम आंखों से वीरभद्र सिंह के छायाचित्र पर अर्पित किए श्रद्धा सुमन 

कांग्रेस के नेताओं व पदाधिकारियों ने अस्पतालों में रोगियों को बांटे फल

प्रदेश भर में जगह-जगह रक्तदान शिविरों का किया आयोजन

राहुल गांधी ने अपने फेसबुक पेज पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए

जो प्यार और स्नेह सब लोगों से मिल रहा है उसका कर्ज कभी नहीं लौटा पाएंगे :प्रतिभा सिंह

प्रदेश को एक माला में भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम वीरभद्र सिंह ने किया : नेता प्रतिपक्ष अग्निहोत्री

कांग्रेस के सत्ता में आते ही रिज मैदान में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा होगी स्थापित: मुकेश अग्निहोत्री

वीरभद्र सिंह पूरे प्रदेश को अपना घर मानते थे, और सब को अपने परिवार का सदस्य : विक्रमादित्य

शिमला : आधुनिक हिमाचल के निर्माता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के 89वें जन्मदिन पर आज प्रदेशभर में उन्हें याद करते हुए भाव पूर्ण श्रदांजलि दी गई। प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों और ब्लॉकों में भारी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं सहित आम लोगों ने अपनी नम आंखों से  वीरभद्र सिंह के छायाचित्र पर  श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए प्रदेश में उनके उल्लेखनीय योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को यह प्रदेश हमेशा उन्हें याद रखेगा। इस दौरान प्रदेश भर में कांग्रेस के नेताओं व पदाधिकारियों ने अस्पतालों में जाकर रोगियों को फल वितरित किये। इसके अतिरिक्त उनके सम्मान में प्रदेश भर में जगह-जगह रक्तदान शिविरों का  आयोजन भी किया गया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां  कांग्रेस अध्यक्ष समेत उपस्थित सभी नेताओं पार्टी पदाधिकारियों व  पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व. वीरभद्र सिंह के छायाचित्र पर अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह नेताओं के भाषण के दौरान भावुक हो गई। इस दौरान वह अपना भाषण भी नहीं दे सकी। उन्होंने आज की इस सभा में उपस्थित सभी नेताओं,पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का हाथ जोड़ कर अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जो प्यार और स्नेह उन्हें सब लोगों से मिल रहा है उसका कर्ज वह कभी नहीं लौटा पाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर कमला नेहरू  अस्पताल जाकर उपचाराधीन महिलाओं को फल वितरण किये।।इसके बाद भराड़ी में क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने यहां रक्तदान शिविर में शिरकत की। प्रतिभा सिंह ने सांय आईजीएमसी कैंसर अस्पताल के प्रांगण में बॉबी सरबजीत के लंगर में रोगियों को लंगर वितरण किया।

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सभा को सम्बोधित करते हुए स्व. वीरभद्र सिंह के स्मरणों को याद करते हुए कहा कि यह पहला अवसर है जब हम वीरभद्र सिंह के इस दिन को उनके बगैर मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दो ही ऐसे महान नेता हुए एक डॉ. यशवंत सिंह परमार और  दूसरे वीरभद्र जिन्हें प्रदेश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को एक माला में भावनात्मक रूप से जोड़ने का काम वीरभद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की सादगी और कार्य की क्षमता बहुत ही प्रभावी थी ।

मुकेश ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की टोपी को विश्व भर में एक विशेष पहचान दी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें अपने नेतृत्व को मजबूत करते हुए वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलते हुए आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हालात बदलेंगे, और सरकार भी बदेलगी, यह निश्चित है। मुकेश ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही आधुनिक हिमाचल के शिल्पकार वीरभद्र सिंह की आदमकद प्रतिमा रिज मैदान पर स्थापित की जाएगी।

प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने वीरभद्र सिंह के स्मरणों को याद करते हुए कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता था। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ऐसे नेता थे जो लोगों के दिलों में राज करते थे। हर्ष महाजन ने कहा कि आज प्रदेश की भाजपा सरकार वीरभद्र सिंह के शुरू किए गए कार्यो के फीते काट रहें है।उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने सम्पूर्ण हिनाचल का विकास किया।उन्होंने उन्हें विकास पुरुष की संज्ञा देते हुए कहा कि सभी को वीरभद्र सिंह के पदों का अनुसरण करना चाहिए 

विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अपने सम्बोधन में सभा में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन स्वर्णिम दिवस है जिसे उत्सव के तौर पर मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने कभी भी क्षेत्रवाद की राजनीति नहीं की। वह पूरे प्रदेश को अपना घर मानते थे, और सब को अपने परिवार का सदस्य। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज का दिन विकास दिवस के तौर पर मनाया जाना स्व वीरभद्र सिंह के लिए प्रदेश्वसियों की एक सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र भले ही अब हमारे बीच नही है पर उनका पथ प्रदर्शन आज भी हमारा मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी ने भी अपने फेसबुक पेज पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को उनके जन्मदिन पर याद करते हुए अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed