नई तकनीक के विकास में विश्वविद्यालयों की भूमिका अहम : केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर

सोलन: केन्द्रीय विद्युत एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री  कृष्ण पाल गुर्जर ने आज डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी का दौरा किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो॰ राजेश्वर सिंह चंदेल और विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारियों के साथ बातचीत की और विवि द्वारा शिक्षण, विस्तार और अनुसंधान के क्षेत्र में की जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

गुर्जर ने फल विज्ञान विभाग में अल्ट्रा हाई डेंसिटी सेब के बगीचों का भी दौरा किया जहां उन्हें सेब की विभिन्न किस्मों, प्रशिक्षण और छंटाई के साथ-साथ उत्पादन, और उपज की गुणवत्ता के बारे में बताया गया। प्रोफेसर चंदेल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने उच्च घनत्व वाले वृक्षारोपण मॉडल के तहत सेब के लिए पैकेज ऑफ प्रैक्टिस तैयार की है । उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय पहले से ही इस प्रणाली के तहत 42 मीट्रिक टन उत्पादकता हासिल कर चुका है जो पारंपरिक प्रणालियों की तुलना में कई गुना अधिक है।

 गुर्जर ने फ्लोरल क्राफ्ट लैब का भी दौरा किया जहां उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न उत्पादों की सराहना की। उन्होंने देशी जंगली फूलों और कृषि कचरे के मूल्यवर्धन के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने विभिन्न हर्बल रंगों और उत्पादों को तैयार करने का कार्य कर रहे छात्रों के साथ भी बातचीत की। श्री गुर्जर ने औषधीय और सुगंधित पौधों पर विश्वविद्यालय के कृषि ऊष्मायन केंद्र की प्रशंसा की, जो न केवल किसानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रहा था बल्कि औषधीय और सुगंधित पौधों के प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन के लिए भी सेवाएं प्रदान कर रहा था।

नई तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने में विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए गुर्जर ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा नई कृषि प्रौद्योगिकी पर शोध किसानों की आय में वृद्धि करके कृषक समुदाय के लिए फायदेमंद साबित होगा। एक ही भूमि से विभिन्न फलों और सब्जियों में अधिक उत्पादकता प्राप्त करने के लिए विभिन्न शोध कार्यों का किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी क्योंकि विश्वविद्यालय एक ऐसा माध्यम है जिसके नवीनतम कृषि तकनीक और ज्ञान किसानों तक पहुंचता है। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के नचेर पार्क में एक देवदार का पेड़ भी लगाया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed