राजभवन में मनाया गया विश्व रेड क्रॉस दिवस

शिमला: विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में आज राजभवन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिमाचल प्रदेश रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा और राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबन्धन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर, अन्य सदस्य और राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारी तथा हि.प्र. रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, जो हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष भी हैं, को रेड क्रॉस का झंडा लगाया। 

इस वर्ष विश्व रेड क्रॉस दिवस की थीम बी ह्यूमन काइंड है। इस अवसर पर राज्यपाल ने भी रेड क्रॉस सोसाइटी के लिए अपना अंशदान दिया।

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आंदोलन को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे रोगग्रस्त, विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावितों को वित्तीय सहायता प्रदान करने जैसी मानवीय गतिविधियों को बढ़ावा देने व संसाधन जुटाने के लिए रेड क्रॉस के प्रति उदारता से दान करें, जो भविष्य में बहुमूल्य जीवन की रक्षा करने में सहायक होगा।

राज्यपाल ने राज्य में रेड क्रॉस आंदोलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देने पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हिमाचल प्रदेश के सभी सदस्यों और स्वयंसेवकों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। 

विश्व रेड क्रॉस दिवस हर वर्ष 8 मई को सर हेनरी ड्यूनेंट की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जिन्होंने मानव जीवन की रक्षा और मानव पीड़ा को कम करने के लिए वर्ष 1863 में अंतर्राष्ट्रीय रेड क्रॉस की स्थापना और रेड क्रिसेंट आंदोलन की शुरूआत की थी।

इस अवसर पर पोर्टमोर और सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों ने रेड क्रॉस के संबंध में एक जागरूकता रैली भी निकाली।

विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव संजीव कुमार, रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य एवं रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग तथा राजभवन के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

इसके उपरांत, हिमाचल प्रदेश रेड क्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा और राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबंध समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर ने विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस भवन, शिमला में सोसायटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारम्भ किया।

हि.प्र. राज्य रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव संजीव कुमार ने आज यहां बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य रेड क्रॉस द्वारा 8 मई 2022 को विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। 

रक्तदान शिविर का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश रेड क्रॅास अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा और राष्ट्रीय रेड क्रॉस प्रबन्धन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर द्वारा रेड क्रॉस भवन में किया गया। उन्होंने विश्व रेड क्रॉस दिवस दिवस के उपलक्ष्य में सभी को बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और जब भी हमें मौका मिले हमें इस तरह के रक्तदान शिविरों में भाग लेना चाहिए और किसी की जिंदगी को बचाने में अपना सबसे महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं और किसी के जीवन का आधार बन सकते हैं। हमें रक्तदान करने बारे सभी को जागरूक करना चाहिए। इस रक्तदान शिविर में रेड क्रॉस स्वयंसेवकों ने  भाग लिया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed