विश्व स्तरीय पैराग्लाईडिंग स्थल के रूप में विकसित होगा बीड़-बिलिंग : मुख्यमंत्री

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांगड़ा जिले के बीड़ में 18 होल वाले गोल्फ कोर्स का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसके लिए परियोजना कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। मुख्यमंत्री आज बीड़-बिलिंग पैराग्लाईडिंग एसोसिएशन तथा भारतीय विमानन प्राधिकरण द्वारा कांगड़ा जिले के बीड़-बिलिंग में आयोजित एक सप्ताह तक चलने वाले पैराग्लाईडिंग विश्व कप समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बीड़ के चौगान-क्योर मार्ग का नाम पंडित संत राम मार्ग करने की घोषणा की।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने बीड़ में 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राष्ट्रीय पैराग्लाईडिंग संस्थान की आधारशीला रखी। यह सार्वजनिक क्षेत्र में अपने तरह का पहला संस्थान होगा।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि बीड़ विश्वभर का बेहतर पैराग्लाईडिंग स्थल है, जहां शुरूआती दौर में छोटे स्तर पर पैराग्लाईडिंग शुरू की गई थी। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में यहां आयोजित की जाने वाले प्रतिस्पर्धाओं में अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि पैराग्लाईडरों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने विश्व कप में भाग लेने वाले विदेशी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीड़-बिलिंग को विश्व स्तरीय साहसिक खेल स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भी इस खेल के प्रति काफी आकर्षण बढ़ा है और कई खिलाड़ियों ने इसे अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रर्दशन किया है जिससे प्रदेश का नाम रौशन हुआ है।

शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, जो बीड़-बिलिंग पैराग्लाईडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी है, ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा एक सप्ताह तक चले विश्व पैराग्लाईडिंग कप के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां विश्व स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिस में विश्व भर के 129 पायलटों ने भाग लिया। इनमें अमेरिका, फ्रांस, इज़राईल, जर्मनी तथा स्वीट्जरलैंड इत्यादि देशों के पायलट शामिल थे। उन्होंने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार प्रकट किया। इससे पूर्व, स्थानीय विद्यायक किशोरी लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *