शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के लोगों की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी को उनकी 31वीं पुण्य तिथि जिसे ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया गया, पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने आज यहां ऐतिहासिक रिज पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिमला नगर निगम के महापौर संजय चौहान, हिमाचल कृषि उतपाद विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सुभाष मंगलेट, हिमाचल वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केवल सिहं पठानिया, नगर निगम शिमला के पार्षदगण, पूर्व विधाक आदर्श सूद, पूर्व महापौर जैनी प्रेम, पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, शिमला के उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक डॉ एम.पी सूद, एडीसी शिमला युनुस, पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को अपनी श्रद्धासुमन अर्पित किए। वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री के हिमाचल आगमन के संस्मरणों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।