जिला शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बंसतपुर में कांग्रेस समर्थित बीडीसी का कब्जा

विधायक विक्रमादित्य बोले- बिना बजट के घोषणाएं कर रहे मुख्यमंत्री

 शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा प्रदेश में बिजली और पानी मुफ्त करने व महिलाओं को सरकारी बसों में 50 फीसदी किराये में छुट देने की घोषणा के बाद कांग्रेस लगातार सरकार पर निशाना साध रही है। कांग्रेस के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा है और इन सभी घोषणाओं को सस्ती लोकप्रियता हासिल करना करार दिया है।

 विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हताश और परेशान हैं और यही वजह है कि वह सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह की घोषणाएं कर रहे हैं, जिसका वास्तविकता से कोई लेना देना नहीं है। हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री ने जो घोषणाएं की है अगर वही घोषणाएं वह सरकार बनने के पहले साल में करते और उन घोषणाओं को पूरा करने के लिए वित्तीय प्रबंधन करवाते तो उसकी निश्चित तौर पर वे सराहना भी करते और समर्थन के साथ-साथ इस फैसले का स्वागत भी करते। लेकिन यह केवल चुनावी पैंतरे हैं और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

विक्रमादित्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। प्रदेश में 69 नेशनल हाईवे बनने थे और मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट मंडी में बनना था लेकिन वह शुरू नहीं हुआ। इसके अलावा जो बड़े वादे रोजगार देने और कर्मचारियों से संबंधित किए थे वह वायदे भी जयराम सरकार पूरा नहीं कर पाई है। मुख्यमंत्री जयराम खुद कहते थे कि प्रदेश में हिमाचल का ही मॉडल चलेगा लेकिन अब जो कुछ लोग बाहर से आकर मुफ्तखोरी की राजनीति की बात कर रहे हैं, उस मॉडल पर हिमाचल के मुख्यमंत्री भी चल पड़े हैं। मुख्यमंत्री जयराम द्वारा की गई घोषणाओं का कोई औचित्य ही नहीं है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि  मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बिना बजट के घोषणाएं कर रहे हैं। जिसका सीधा बोझ लोगों पर पड़ रहा है। इसका पैसा कोई भाजपा कार्यालय से नहीं आएगा बल्कि लोगों के टैक्स से ही निकाला जाएगा। एक तरफ परिवहन निगम के पास तनख्वाह देने के लिए कर्मचारियों के लिए पैसा नहीं है, गाड़ियों की मरम्मत के लिए पैसे नहीं है, ऊपर से इतना बड़ा वित्तीय संकट प्रदेश सरकार ने निगम पर डाल दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने सवाल किया कि सीएम द्वारा घोषणाएं तो कर दी गई हैं, लेकिन इन्हें पूरा करने के लिए पैसा कहां से आएगा? सरकार इसका स्पष्टीकरण जनता को दे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार को मुफ्त बांटने के बजाय प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed