शिमला: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लोकतंत्र नहीं बल्कि जंगलराज चल रहा है। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था के बजाए एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री के तहत शासन भाजपा को कतई स्वीकार्य नहीं है। अपने ऊपर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार के पर्याप्त प्रमाण हैं और इन प्रमाणों के चलते वीरभद्र सिंह का मुख्यमंत्री का पद तो जाएगा ही साथ में वह अपने किए भ्रष्टाचार के कारण कानून का सामना भी करेंगे।
भाजपा महामंत्री रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में यह कहा कि सीबीआई को उनके घर में छापों के दौरान केवल बिजली और पानी के बिल मिले, अगर यह सच है तो मुख्यमंत्री क्यों घबरा रहे हैं और क्यों कानून के माध्यम से सीबीआई द्वारा जब्त किए गए दस्तावेजों को दिल्ली ले जाने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। भाजपा महामंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ा न्यायालय जनता का दरबार होता है और भाजपा मुख्यमंत्री व उनके परिवार द्वारा किए गए सभी काले कारनामों की पोल जनता के समक्ष खोलेगी। भाजपा इस कड़ी में जहां पहले से ही धरने-प्रदर्शन का आयोजन कर रही है वहीं पम्फलेट के माध्यम से भी मुख्यमंत्री के काले कारनामों को उजागर किया जाएगा। भाजपा अपने प्रशिक्षण शिविरों के दौरान व उसके पश्चात घर-2 जाकर पार्टी द्वारा तैयार किए गए पम्फलेट को बांटेगी।