भाजपा कर रही है स्थिर और लोकप्रिय सरकार को अस्थिर बनाने का प्रयास : स्टोक्स व अग्निहोत्री

शिमला: सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स और उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने व सीबीआई की ओर से मामला दर्ज किए जाने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्यपाल को आज सौंपे गए ज्ञापन की कड़ी निन्दा की है।

भाजपा नेताओं की मांग पर हैरानी जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार और प्रदेश के लोगों के जनादेश का अनादर करते हुए एक स्थिर और लोकप्रिय सरकार को अस्थिर बनाने के प्रयास कर रही है, जिससे उनकी हताशा साफ झलकती है। मंत्रियों ने कहा कि भाजपा को स्मरण होना चाहिए कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक रूप और स्पष्ट जनादेश के साथ चुनकर सत्तासीन हुई है, जो मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल मार्ग दर्शन में अपना कार्यकाल पूरा करेगी।

स्टोक्स एवं अग्निहोत्री ने कहा कि आयकर से जुड़े जिन मामलों का भाजपा बार-बार हवाला दे रही है, वे न्यायालय के विचाराधीन है। वास्तविकता यह है कि केन्द्र सरकार के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों और भाजपा शासित कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भ्रष्टाचार के गम्भीर मामलों में फंसने से भाजपा विचलित है और इन मामलों से लोगों का ध्यान बांटने के लिए कांग्रेस नेताओं को जबरन फंसाने की साजिशें लगातार रची जा रही हैं। वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग और अपने दागदार मंत्रियों व मुख्यमंत्रियों पर चुप्पी साधने से भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है।

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के आयकर से जुड़े मामले पहले ही आयकर अपीलिय प्राधिकरणों और माननीय न्यायालयों में विचाराधीन हैं। विस्तारपूर्वक जांच के उपरान्त सीबीआई ने बन्द लिफाफे में अपनी प्राथमिक जांच दिल्ली उच्च न्यायालय को सौंपी है। ऐसा लगता है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर इसी मामले में एक और प्राथमिक जांच के आदेश हुए हैं, जो पार्टी की विद्वेषपूर्ण भावना को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की छवि को दागदार बनाने की किसी भी साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मंत्रियों ने कहा कि भाजपा पूर्व में भी झूठी एफआईआर दर्ज कर वीरभद्र सिंह को फंसाने के असफल प्रयास कर चुकी है, लेकिन वह हर बार न्यायालय से दोषमुक्त होकर निकले हैं और इस बार भी वे बेदाग साबित होंगे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह देश में कांग्रेस पार्टी के सबसे लोकप्रिय नेताओं में एक हैं, जो प्रदेश में एक स्थिर सरकार की अगुवाई कर रहे हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य का तीव्र एवं सन्तुलित विकास तथा जन कल्याण सुनिश्चित बना रही है, जिसे भाजपा पचा नहीं पा रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार के कुशासन से लोगों को राहत प्रदान की, जिसने न केवल प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ किया बल्कि जनभावनाओं का भी अपमान किया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *