कांगड़ा: कांग्रेस के दिग्गज नेता GS बाली का निधन, दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

हिमाचल: प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता जीएस बाली का देर रात दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। बता दें कि पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे इलाज के लिए दिल्ली एम्स अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात जीएस बाली ने अपनी जीवन की अंतिम सांस ली।

जीएस बाली के बेटे रघुवीर सिंह बाली सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि बेशक अब उनके पिताजी जीएस बाली इस दुनिया में नहीं रहे हैं, लेकिन वे लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। रघुवीर सिंह बाली ने आगे लिखा कि भले ही जीएस बाली इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनके आदर्श और मार्गदर्शन लोगों के बीच सदा के लिए रहेंगे।

वहीं, कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जीएस बाली के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि ‘श्री जी एस बाली के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ, दिल को बहुत पीड़ा हुई, वह एक बहुत ही नेक दिल इंसान थे। हमारे पिता श्री वीरभद्र सिंह के साथ उनके बहुत घनिष्ठ सम्बंध थे और चालीस साल की दोस्ती थी। जब भी वह कोई काम बाली जी को करने के लिए कहते थे, बाली जी सब काम छोड़ तुरंत उस पर लग जाते थे और उसे पूरा करके दिखाते थे वह चाहे कितना भी कठिन कार्य क्यूं न हो. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और उनके परिवार को इस दुःख से समय में हौसला और साहस दे’।

कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी जीएस बाली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ‘बहुत ही दुखद, श्री जी एस बाली हमारे बीच नहीं रहे। आज सुबह ही श्री रघुबीर सिंह बाली ने यह दुखद सूचना दी। उनके पार्थिव शरीर को आज हिमाचल लाया जाएगा और जनता के दर्शन के लिए रखा जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे, और परिवार को इस दुःख को सहने की ताकत दे’।

वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रसेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन एवं भाजपा के सभी प्रदेश पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री एवं हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जीएस बाली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा दुःख की इस घड़ी में शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री जी.एस. बाली के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जी.एस. बाली के निधन पर शोक व्यक्त किया है, जिन्होंने आज नई दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। वह 67 वर्ष के थे।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जी.एस. बाली नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे और वीरभद्र सिंह मंत्रिमण्डल में वर्ष 2003 से 2007 और दोबारा वर्ष 2012 से 2017 तक मंत्री रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश और विशेषकर नगरोटा बगवां के लिए उनके योगदान को लोगों द्वारा लम्बे समय तक याद रखा जाएगा।

जय राम ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *