उपचुनाव: शिमला जिले के जुब्बल-नावर-कोटखाई में भाजपा की मुशिकलें बढ़ीं…

उपजुब्बल-कोटखाई में भाजपा मंडल समेत सभी मोर्चा पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे

हिमाचल: शिमला जिले के जुब्बल-नावर-कोटखाई में भाजपा की मुशिकलें बढ़ती जा रही हैं। विधानसभा उपचुनाव में पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा के पुत्र चेतन बरागटा को टिकट ने मिलने से और पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित करने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष सहित सैकड़ों पदाधिकारियों ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है। भाजपा जिला कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारियों ने भी अपने इस्तीफे दे दिए हैं।

पार्टी से टिकट न मिलने पर उपचुनाव में चेतन बरागटा निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा मंडल सहित बूथ स्तर के पदाधिकारी भी उनके साथ चुनाव अभियान में जुड़ गए। चेतन बरागटा के भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक पद से निष्कासन के बाद शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित भाजपा पदाधिकारियों ने अपने पदों से त्याग पत्र दे दिया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष नैना तनेटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जतिन चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज सुंटा ने कई पदाधिकारियों सहित त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया। इसके अतिरिक्त भाजपा के बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में इस्तीफे देने की होड़ लग गई है। फेसबुक पर पोस्ट डालकर सभी अपने पदों से त्यागपत्र दे रहे हैं।  

भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने बताया कि पार्टी ने नरेंद्र बरागटा के बेटे को पिता के निधन के 15 दिन के अंदर क्षेत्र में घुमाना शुरू कर दिया था। चेतन बरागटा को घुमाकर उन्हें क्षेत्र से भाजपा का प्रत्याशी बताकर वोट अपील की जा रही थी। भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी चेतन बरागटा के लिए तीन माह से वोट मांग रहे थे, लेकिन जब टिकट देने की बारी आई तो, मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को विश्वास में लिए बिना टिकट किसी ओर को दिया गया। अब भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने सम्मान व अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। सभी ने पार्टी आलाकमान को अपने इस्तीफे दे दिए हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *