जिला शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बंसतपुर में कांग्रेस समर्थित बीडीसी का कब्जा

विक्रमादित्य बोले: भाजपा मोदी के नाम पर वोट मांग सकती है तो कांग्रेस वीरभद्र सिंह के नाम पर क्यों नहीं?

हिमाचल: उपचुनावों को लेकर प्रदेश में अब राजनीति गर्माने लगी है। कांग्रेस में बीते मंगलवार को मण्डी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई है। जिसके चलते मण्डी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह आठ अक्तूबर को नामांकनपत्र भरने के बाद चुनाव प्रचार में उतरेंगी। बुधवार को हॉलीलॉज शिमला में प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भले ही उनके और कांग्रेस परिवार के बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद सदैव साथ रहेगा। उनके प्रदेश में किए विकास कार्य हमारे सामने हैं। उन्होंने कहा कि उप चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की कमी खलेगी। उनके रहते राजनीतिक और आर्थिक तौर पर कोई चिंता नहीं रहती थी। वह सभी मोर्चे खुद संभालते थे।  पूर्व वीरभद्र सरकार ने सत्ता में रहते प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। प्रदेश के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने उन पर विश्वास जताया, इसके लिए वह कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम भी उनका और कांग्रेस का साथ देंगे।  प्रतिभा सिंह ने कहा कि उप चुनाव में करुणामूलक नौकरियां, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं के मुद्दों और सेब पर संकट को मुद्दा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मण्डी ही नहीं, पूरे प्रदेश की उपेक्षा की है। सड़कों, स्कूलों और शिक्षण संस्थानों पर कोई ध्यान नहीं दिया।

वहीं प्रदेश में उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस और भाजपा में लगातार बयानबाजी का दौर भी जारी है। बीते दिन प्रतिभा सिंह को टिकट मिलते ही शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर वोट नहीं श्रद्धांजलि का पोस्टर जारी किया था। जिस पर भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।  आज विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा मोदी और अपने शीर्ष नेताओं के नाम पर वोट मांग सकती है तो कांग्रेस और वे क्यों नहीं? विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने प्रदेश में विकास कार्य किया है। मण्डी आईआईटी, मण्डी मेडिकल कॉलेज सहित अनेकों कार्य किए हैं और उनके बेटे होने और कांग्रेस का सदस्य होने के चलते वीरभद्र सिंह द्वारा किये गए कार्यों को लोगों के बीच ले जाना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों के साथ-साथ नए विजन के साथ भी जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से पहले भी प्रतिभा सिंह सांसद रही हैं और इस क्षेत्र में क्या नए कार्य किये जा सकते हैं उसका दस्तावेज बनाया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की कमी उन्हें और कांग्रेस को खलेगी। उपचुनाव में प्रदेश के विकास और ज्वलंत मुद्दों को लेकर जनता में जाएंगे। 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *