हिमाचल:  प्रदेश में पहली बारिश ने मचाई तबाही, कई वाहन व घर ध्वस्त, जगह-जगह सड़कें अवरुद्ध व 12 लोग लापता

हिमाचल:  प्रदेश में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई भारी बारिश ने कई जिलों में जमकर तबाही मचाई। सबसे ज्यादा नुकसान जिला कांगड़ा में हुआ। भारी बारिश की वजह से कई लोग बेघर हो गए हैं। जिले के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। शाहपुर की बोह घाटी में बारिश से आई बाढ़ के कारण लगभग 6 घर पानी में बह गए हैं। अभी तक 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं। एक महिला का शव बरामद किया गया है। महिला की पहचान मस्तो देवी पत्नी भीमो राम के रूप में हुई है। कुछ लोगों को घर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। धर्मशाला के भागसु नाग में देर रात हुई तेज बारिश से आई बाढ़ से कई  गाड़ियाँ बह गईं और कई होटलों और मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं  बाढ़ जैसी स्थितियों को देखते हुए धर्मशाला के प्रशासन ने यहां पर अलर्ट जारी किया है।

बोह घाटी में जिन लोगों के घर दरिया किनारे हैं, उनको खाली करवा दिया है। भारी बारिश के कारण कुछ गौशालाएं भी ढह गई हैं। नगरोटा बगवां में 9 साल की बच्ची पानी में बह गई है। बच्ची का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। फ़िलहाल रेस्क्यू जारी  है।

 प्रदेश के ज़िला सिरमौर में राजगढ़ क्षेत्र की नौहराधा तहसील के अंतर्गत गांव लाना-चेता में भारी बारिश के चलते घरों व पशुशालाओं में मलवा घुस गया तो वहीं फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

शिमला ज़िला के चौपाल उपमण्डल की कुपवी तहसील में भारी बारिश से लकड़ी से बना 16 कमरों का तीन मंजिला घर भूस्खलन की चपेट में आकर जमींदोज हो गया है। परिवार के 7 सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है, जबकि एक युवक मलवे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

तहसीलदार कुपवी राजेन्द्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के सदस्यों को रेस्क्यू करने के बाद समीप के ही एक सुरक्षित घर में रखा गया है, जबकि घायल युवक के परिजनों को प्रशासन द्वारा 5 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। नुकसान का आंकलन करके पीड़ित परिवार को प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।

प्रदेश में सैंकड़ों सड़कें बंद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू के लेह-मनाली हाईवे, औट-लूहरी-रामपुर हाईवे, शिमला-किन्नौर हाईवे लैंडस्लाइड के चलते बंद हो गए हैं। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि मंगलवार तक जिला में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों व पर्यटकों से आग्रह किया गया है कि वह नदी नालों के समीप न जाएं।

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कई भागों में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। उपमंडल चौपाल की तहसील कुपवी की ग्राम पंचायत भालू में भारी बारिश ने कहर बरपा दिया है। लगातार हो रही भारी वर्षा से यहां दो मकान ढह गए हैं। दोनों घरों में करीब 50 कमरे थे। हादसे में पांच परिवार बेघर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में रविवार रात से लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान रात को बड़ी चट्टान खिसक गई। इसकी चपेट में आने से दो मकान ढह गए हैं।

वहीं, पुलिस थाना जुब्बल के अंतर्गत झाल्टा संपर्क मार्ग पर कटिंडा के समीप सोमवार सुबह गाड़ी पर पत्थर गिरने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप घायल हैं। गाड़ी में दोनों भाई किसी काम से कहीं जा रहे थे, जब रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मनाली के हमटा में एक युवती वाटरफाल में गिरने से लापता हो गई है। लड़की एमबीबीएस की छात्रा बताई जा रही है। धर्मशाला के मुख्य पर्यटन स्थल भागसूनाग में 12 कारें, एक दर्जन मोटरसाइकिल और शीला चौक में दो पुल बह गए।

लाहौल के मंडग्रा नाले में बाढ़ आने से पांगी-किलाड़ का मनाली से संपर्क कट गया है। ऊना जिला मुख्यालय में जलभराव हुआ है। चंबा-सिरमौर में एक-एक और मंडी में दो घर बहे हैं। 

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को भारी बारिश से 184 सड़कें यातायात के लिए बाधित हो गई हैं। लाहौल के मंडग्रा नाले में बाढ़ आने से पांगी-किलाड़ का मनाली से संपर्क कट गया है। मनाली-लेह मार्ग पर 70 वाहन फंसे हैं। इनमें अधिकतर पर्यटक वाहन शामिल हैं। 

बीबीएन में तेज बारिश से कई जगह सड़क और डंगे टूट गए। बारिश से बद्दी के एक भवन और सोलन के सलोगड़ा स्कूल में फोरलेन कार्य के चलते पानी और मलबा घुस गया है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *