शिमला में गरजे कांग्रेसी, केंद्र और प्रदेश सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर जमकर साधा निशाना

शिमला : शिमला में आज (बुधवार) को कांग्रेस ने जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। रैली में जहां कांग्रेसी ने केंद्र और प्रदेश की सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सहारे प्रदेश में 2022 में कांग्रेस की सरकार बनाने का दावा किया। वीरभद्र सिंह को ही कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व सहित प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने कमांडर बताते हुए कहा कि प्रदेश में 2022 में सत्ता वापसी की जिम्मेदारी वीरभद्र सिंह के कंधों पर ही होगी। कांग्रेस पार्टी में दूसरा ऐसा कोई नेता नहीं है जो पार्टी को चुनावों में जीत दिला सके। जन आक्रोश रैली में कांग्रेस हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह,नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित तमाम कांग्रेसी विधायक, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली में वीरभद्र सिंह, विप्लव ठाकुर, सुधीर शर्मा, सुखविंदर सुक्खू वाले गुटों को एक साथ लाकर कांग्रेस ने एकजुटता का संदेश देने का भी प्रयास किया।

हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था व जनहित के मुद्दों से निपटने में भाजपा सरकार असफल रही है। शुक्ला ने कहा कि वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में ही 2022 का चुनाव कांग्रेस लड़ेगी। अच्छे दिनों के सपने दिखा कर मोदी ने देश के लोगों को कंगाल कर दिया है। लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं कि कब चुनाव हो और कब भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाए।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के बड़े नेताओं व विधायकों को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए सबको एक जुट होने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि  2022 में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ही सरकार बनेगी। कांग्रेस विधायकों को नहीं भूलना चाहिए कि वह कांग्रेस पार्टी की वजह से विधायक बने हैं इसलिए पहले पार्टी है और उसके बाद विधायक हैं।

 नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 2022 के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आज शिमला से बिगुल फूंका है जो अब कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर लोगों को सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जागरूक करेगा और 2022 में कांग्रेस पार्टी की  सरकार को सत्ता में काबिज होगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *