हिमाचल: चंबा में बस खाई में गिरी, 8 लोगों की मौत, कई घायल

  • मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुःख

चंबा: प्रदेश के चंबा जिले में एक निजी बस दुघर्टनाग्रस्त हो गयी। मिली जानकारी के मुताबिक चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत आते बोंदेडी तीसा मार्ग पर निजी बस कॉलोनी मोड़ के पास गहरी खाई में जा गिरी। जानकारी के मुताबिक अभी तक हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है और दर्जन के करीब घायल बताए जा रहे हैं। छह लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो की अस्पताल में मौत हुई है। बस को खाई में गिरते देख गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी है। बीडीओ तीसा महिंदर सिंह ने बताया कि अभी तक आठ की मौत हो चुकी है। 10 घायलों को तीसा अस्पताल पहुंचाया गया है। घटनास्थल पर चीख-पुकार मची हुई है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

सिविल अस्पताल तीसा में दो घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बीएमओ तीसा डॉ ऋषि पुरी ने बताया कि चार घायलों को सिविल अस्पताल तीसा से मेडिकल कॉलेज चंबा शिफ्ट किया गया है।

वहीं बस हादसे पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने  दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चंबा के तीसा में हुए बस हादसे में आठ लोगों की मौत और दस के घायल होने की खबर सुनकर दुखी हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकग्रस्त परिवारों को इस असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। हमने चंबा जिला प्रशासन को राहत कार्य के निर्देश दिए हैं, घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया जा रहा है। घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ऐसी कामना करता हूं।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *