मुख्यमंत्री ने की केन्द्रीय रक्षा मंत्री से भेंट ..

  • सीएम ने केन्द्रीय मंत्री को योल छावनी क्षेत्र में रहने वाले लोगों की लम्बित मांग व सड़क के निर्माण के लिए शीघ्र अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने का किया अनुरोध

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री को जिला कांगड़ा के योल छावनी क्षेत्र में रहने वाले लोगों की लम्बे समय से लम्बित मांग से अवगत करवाया और योल छावनी के कुछ क्षेत्र की अधिसूचना वापिस लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मंत्रालय से इस अधिसूचना की लम्बे समय से प्रतीक्षा है।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से नाहन के निकट बनोग से धरक्यारी तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत सड़क के निर्माण के लिए शीघ्र अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क का 300 मीटर का क्षेत्र रक्षा क्षेत्र के अन्तर्गत आता है जिस कारण सड़क का निर्माण कार्य रूका हुआ है। राज्य सरकार लम्बे समय से अनापत्ति प्रमाण-पत्र का आग्रह कर रही है।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मामले को सुना और मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि दोनों मामले उच्च स्तरीय समिति की बैठक में हल कर लिए जाएंगे। यह बैठक उनकी अध्यक्षता में अगले 15 दिनों के भीतर आयोजित होगी, इसमें रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। उन्होंने राज्य सरकार को सभी विकासात्मक कार्यों में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *