कुल्लू: अब सप्ताह के 7 दिन होगी भुंतर एयरपोर्ट से एयर इंडिया की उड़ान
कुल्लू: अब सप्ताह के 7 दिन होगी भुंतर एयरपोर्ट से एयर इंडिया की उड़ान
कुल्लू : दिल्ली-चंडीगढ़- भुंतर हवाई सेवा अब 4 दिन की बजाय सप्ताह के सातों दिन उड़ान भरेगी। इसका शुभारंभ हो गया है। दिल्ली से आए एयर इंडिया के 72 सीटर जहाज में 31 यात्रियों ने उड़ान भरी और भुंतर से आठ लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए। नियमित हवाई सेवा शुरू होने से घाटी के लोगों ने खुशी जताई है। इससे विंटर सीजन में सैलानियों के साथ स्थानीय लोगों को भी चंडीगढ़ के साथ दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी। पहले वाया चंडीगढ़ उड़ान सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, वीरवार और शनिवार को होती थी।
भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि नए शेड्यूल के तहत सप्ताह में चार दिन दिल्ली-चंडीगढ़ और भुंतर के बीच उड़ान होगी। जबकि तीन दिन में दिल्ली से सीधे भुंतर एयरपोर्ट के लिए सेवा रहेगी।
उड़ान और लैंडिंग का समय भुंतर एयरपोर्ट में एयर इंडिया के मैनेजर अखिलेश विजयी ने कहा कि दिल्ली-चंडीगढ़-भुंतर का उड़ान समय सुबह आठ बजे दिल्ली से और नौ बजे चंडीगढ़ में पहुंचने को होगा। साढ़े नौ बजे चंडीगढ़ से भुंतर के लिए जहाज रवाना होगा और साढ़े दस बजे लैंडिंग। इसी प्रकार भुंतर से वापस चंडीगढ़ के लिए सुबह पौने 11 बजे और चंडीगढ़ से 12.35 दिल्ली के लिए उड़ान होगी। जबकि दिल्ली-भुंतर की उड़ान सुबह दिल्ली से साढ़े आठ आरंभ होगी और भुंतर में 9.50 बजे पहुंचेगी। आधा घंटा रुकने के बाद साढ़े 10.20 बजे दिल्ली के लिए वापस जाएगी तथा 11.40 बजे दिल्ली उतरेगी।