शिमला: हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए खाली हो रही इकलौती सीट से भाजपा की ओर से इंदू गोस्वामी ने आज अपना नामांकन दाखिल किया है। भाजपा की महिला नेत्री इंदु गोस्वामी ने हिमाचल विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया। उनके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल, विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार आदि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज ने उनके नाम का अनुमोदन किया। हिमाचल से राज्यसभा में जाने वाली इंदु गोस्वामी आठवीं महिला होंगी। कांग्रेस से कोई नामांकन न होने से भाजपा प्रत्याशी इंदू की अब विधिवत सांसद बनने की घोषणा बाकी है। 12 मार्च को उनके नाम का ऐलान किया गया था। इसके बाद अब 13 मार्च को उन्होंने नामांकन दाखिल किया है।
बता दें कि कांग्रेस की ओर से इस सीट के लिए कोई नाम घोषित नहीं किया गया है। ऐसे में इंदू का निर्विरोध चुनाव तय है। क्योंकि भाजपा के पास विधानसभा में 44 विधायक हैं, कांग्रेस के पास 21 विधायक हैं।