शिमला: शिमला नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर की दौड़ में आगे चल रहे सत्या कौंडल और शैलेंद्र चौहान के नाम तय हो गए है। पहली बार नगर निगम में जीत के बाद ढाई साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मौजूदा मेयर कुसुम सदरेट और डिप्टी मेयर राकेश शर्मा को भाजपा ने एक्सटेंशन नहीं दिया है। संजौली से भाजपा पार्षद सत्या कौंडल नगर निगम शिमला की नई मेयर चुन ली गई हैं। उन्हें 21 वोट पड़े जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्षद राकेश चौहान को 11 मत मिले। ढली से भाजपा पार्षद शैलेंद्र चौहान नगर निगम शिमला के नए डिप्टी मेयर चुने गए हैं उन्हें 21 वोट पड़े जबकि उनकी प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्षद सुषमा कुठियाला को 11 मत हासिल हुए।
- शिमला के नव निर्वाचित महापौर व उप महापौर ने की मुख्यमंत्री से भेंट
शिमला: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नगर निगम शिमला की नव निर्वाचित महापौर सत्या कौंडल और उप महापौर शैलेन्द्र चौहान को बधाई देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को शिमला शहर के वैभव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व निष्ठाभाव से कार्य करना चाहिए। महापौर व उप महापौर ने मुख्यमंत्री से आज उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम शिमला देश में सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में से एक है और इसका वैभवशाली इतिहास है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर को पालीथीन मुक्त बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जाने चाहिए। शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।