- पुलिस आरक्षियों के एक हजार रिक्त पद भरे जाएंगेः मुख्यमंत्री
- पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व एक पदोन्नति दी जाएगी
शिमला: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर पुलिस विभाग को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने एक हजार पुलिस कर्मियों के रिक्त पद भरने करने की घोषणा की। उन्होंने पुलिस विभाग की मांग के अनुरूप सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व पुलिस कर्मियों को एक पदोन्नति देने की भी घोषणा की।
ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश पुलिस जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है तथा प्रदेश को अपनी मूल्यावान सेवाएं प्रदान कर रही है।
उन्होंने हिमाचल पुलिस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष मेडल देने की घोषणा की। इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिला पुलिस बल की टुकड़ी को मार्चपास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया तथा अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।