शिमला : पच्छाद और धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उप-चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को चुनने के लिए जनता का मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने धन्यवाद किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विधानसभा क्षेत्रों की जनता ने वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर विश्वास जताया है जो प्रदेश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उप-चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों के लिए भी आभार व्यक्त किया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने अब तक के लगभग दो साल के कार्यकाल में जनता की आशाओं और अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विभिन्न विकासात्मक और रोज़गार सृजित योजनाएं आरम्भ की है जिससे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के कुशल नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश की जनता के कल्याण और हितों की रक्षा के लिए अनेकों कार्य किए हैं।