भाजपा की सोच भारत को एक नया भारत बनाने की : नड्डा

  • अभिनन्दन समारोह में जय राम ठाकुर और जे.पी. नड्डा का भव्य स्वागत
  • नड्डा ने न केवल हिमाचल को ही गौरवान्वित किया, बल्कि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को विश्व की सर्वश्रेष्ठ पार्टी बनाने के लिए भी किया प्रेरित : जयराम

 मंडी: बिलासपुर से मंडी के बीच घाघस, बैरी, बरमाणा, सलापड़, सुन्दरनगर, बल्ह व नैर चैक आदि स्थानों पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आज भव्य स्वागत किया गया। राष्ट्रीय भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पद को संभालने के बाद पहली बार हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आए जगत प्रकाश नड्डा के स्वागत में अभिनन्दन समारोह मंडी के ऐतिहासिक सैरी मंच में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि हिमाचल प्रदेश एक छोटा राज्य है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जबसे नड्डा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व करने का महत्वपूर्ण जिम्मा सौंपा है, प्रदेश का महत्व बहुत बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नड्डा ने न केवल हिमाचल व यहां के लोगों को ही गौरवान्वित किया है बल्कि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को भाजपा को विश्व की सर्वश्रेष्ठ पार्टी बनाने के लिए भी प्रेरित किया।

जय राम ठाकुर ने कहा कि आज भाजपा देश के 17 राज्यों में सत्ता में है, जिसका श्रेय पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रूप में आज देश के पास मजबूत नेतृत्व है और विश्व के नेताओं ने भी इस बात को माना है कि उनके नेतृत्व में भारत विश्व शक्ति बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35ए अब इतिहास बन चुकीं हैं और भारत में एक संविधान और एक निशान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को भरपूर सहयोग देकर शानदार जीत दर्ज करवाई और पार्टी ने राज्य की सभी 68 विधानसभा सीटों पर बढ़त कायम की। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक मत प्रतिशत भी भाजपा के सांसद किशन कपूर को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी अधोसंरचना को मजबूत बनाने और औद्योगिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि प्रदेश का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। इसी उद्देश्य से धर्मशाला में अगले महीने ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है ताकि बड़े पैमाने पर निवेशकों को हिमाचल की ओर आकर्षित किया जा सके।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सलापड़ से मंडी तक उनका भव्य स्वागत करने के लिए मंडी ज़िला के लोगों को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्नेह उन्हें और प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करने की ताकत देगा जिससे वह करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और अब वह सुनिश्चित करेंगे कि यह देश की सर्वश्रेष्ठ पार्टी बने। नड्डा ने कहा कि देश में एक हजार से अधिक राजनीतिक दल हैं लेकिन केवल भाजपा को छोड़कर बाकि सभी किसी विशेष राजनीतिक परिवार की पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल ऐसा राजनीतिक दल है जहां कोई भी आम व्यक्ति प्रधानमंत्री, पार्टी अध्यक्ष या मुख्यमंत्री बन सकता है। भाजपा की सोच भारत को एक नया भारत बनाने की है जिसके लिए वह कोई भी बड़ा निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी। नड्डा ने कहा कि पूरे विश्व ने भारत के मजबूत एवं कुशल नेतृत्व को  स्वीकारा है और यह प्रधानमंत्री की राजनीतिक इच्छा शक्ति के कारण ही संभव हो पाया है कि आज अनुच्छेद 370 को हटाया गया है। अब पूरे राष्ट्र में एक ‘विधान’, एक ‘निशान’, एक ‘संविधान’ लागू हुआ है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक का निर्णय मुस्लिम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है। सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के कुशल नेतृत्व में भाजपा नई दिशा की ओर अग्रसर होगी। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सरवीन चैधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज, सांसद किशन कपूर, राज्य योजना बोर्ड के अध्यक्ष रमेश धवाला, विधायक कर्नल इंदर सिंह, राकेश जमवाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, हीरा लाल, प्रकाश राणा, जवाहर ठाकुर, संगठन सचिव पवन राणा, पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर तथा रूप सिंह ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *